उत्तर प्रदेशहेल्थ

परोपकार की भावना से ही सामाजिक उत्थान संभव: अर्जुन देव भारती

नेत्र जांच शिविर में 260 लोगों का परीक्षण, जरूरतमंद मरीजों को आगे उपचार के लिए किया गया चिन्हित

जलालाबाद, शामली 06 सितंबर । सचिवालय संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं डिप्टी सेक्रेटरी अर्जुन देव भारती ने कहा कि परोपकार की भावना से ही समाज का उत्थान संभव है। निर्बल, जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है।
जैन अतिशय क्षेत्र जलालाबाद के प्रांगण में एडीजी जैन आई हॉस्पिटल, खेकड़ा के सहयोग से आयोजित नेत्र जांच शिविर में 260 लोगों की आंखों की जांच की गई। चिकित्सकों ने जांच के दौरान मरीजों की आंखों से संबंधित समस्याओं की पहचान की तथा जिन लोगों को आगे उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को आंखों की नियमित जांच और समय पर उपचार के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर का शुभारंभ अर्जुन देव भारती ने किया। उन्होंने कहा कि समर्थ लोगों में परोपकार की भावना होगी तो गरीब और जरूरतमंद तबके के लोगों को चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसी बीमार व्यक्ति की चिकित्सा में सहयोग करने से बड़ा पुण्य का कार्य कोई नहीं है।
उन्होंने नेत्र जांच शिविर के आयोजन के लिए जैन मंदिर प्रबंध समिति को साधुवाद देते हुए कहा कि इस तरह के सेवा कार्य जैन समाज को अलग पहचान देते हैं और अन्य लोगों को भी परोपकार के कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
इससे पहले जैन प्रबंध समिति के अध्यक्ष राकेश जैन, मुख्य परामर्शदाता जेके जैन, उपाध्यक्ष मुकेश जैन, मंत्री सुशील जैन, उपमंत्री प्रदीप जैन सहित ऋषभ जैन, संजय जैन, राहुल जैन, सतीश जैन और सनत जैन ने अर्जुन देव भारती का स्वागत किया।
शिविर में खेकड़ा हॉस्पिटल के अशोक मित्तल, आशीष आर्य, संजय शर्मा एवं सोमपाल मलिक का सहयोग रहा। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष जहीर मलिक, रालोद नेता सायान अली खान, हिमायु खान, आर्येश सैनी, मुकेश शास्त्री, संजय सैनी, अंकुर सैनी, बृजमोहन सिंघल, सुधीर भरतरी, डॉ. राम भूल सिंह, हरिओम उपाध्याय, राजेश सैनी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button