श्रावण शिव महोत्सव की तैयारियां तेज: हरिद्वार से लाया गया भगवान पृथ्वीनाथ महादेव के जलाभिषेक हेतु पवित्र गंगाजल
सामूहिक रुद्राभिषेक और जलाभिषेक के लिए सेवादलों ने जुटाया गंगाजल, श्रद्धालुओं को भी किया जाएगा वितरित

देहरादून, 26 जुलाई 2026। आगामी श्रावण मास शिव महोत्सव के तहत भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में आयोजित होने वाले सामूहिक रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक की तैयारियां तेज हो गई हैं। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रविंद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में रविवार प्रातः मंदिर सेवादलों ने हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लाने के लिए अपने वाहनों से प्रस्थान किया।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रातः सभी सेवादार मंदिर परिसर में एकत्र हुए, जहां भगवान श्री पृथ्वीनाथ महादेव के जयघोष के साथ लगभग 10 बड़े ड्रमों को लोडिंग वाहन में रखकर हरिद्वार के लिए रवाना किया गया। इस सेवा कार्य में शैलेंद्र सिंघल, कपिल गुप्ता सहित अन्य सेवादारों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
सेवादल के अनुसार देर शाम हरिद्वार से लाया गया पवित्र गंगाजल मंदिर पहुंच गया। इस गंगाजल को आगामी शिव महोत्सव तक मंदिर में सुरक्षित रखा जाएगा। श्रावण मास के दौरान इसी पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं सामूहिक रुद्राभिषेक किया जाएगा।
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि जो श्रद्धालु किसी कारणवश स्वयं हरिद्वार से गंगाजल नहीं ला पाते हैं, उन्हें भी मंदिर की ओर से जलाभिषेक के लिए पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सावन के पावन अवसर पर भगवान शिव का अभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सके।
हरिद्वार से गंगाजल लाने वाले प्रमुख सेवादारों में शैलेंद्र सिंघल, कपिल गुप्ता, राजेश, प्रवीण, बबलू और गोविंदा सहित अन्य शिवभक्त शामिल रहे। मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं से श्रावण मास के धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।