रक्तदान शिविर में जुटीं 47 यूनिट रक्त, हरेला पर वितरित किए गए 100 पौधे
प्रथम श्वास फाउंडेशन के आयोजन में रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण का दिया गया संदेश
देहरादून, 26 जुलाई। प्रथम श्वास फाउंडेशन, दून सिटीज़न्स काउंसिल एवं श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवादल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में रक्तदान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए 100 पौधों का वितरण भी किया गया। शिविर का आयोजन देवभूमि ब्लड सेंटर के सहयोग से किया गया।
प्रथम श्वास फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष अनामिका जिंदल ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करती आ रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी जरूरतमंद और निर्धन व्यक्ति को आवश्यकता पड़ने पर 24 घंटे के भीतर निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने जानकारी दी कि शिविर में 47 यूनिट रक्त एकत्र किया गया, जिससे लगभग 141 जरूरतमंद लोगों को जीवनदान देने में सहायता मिलेगी। अनामिका जिंदल ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य कार्य नहीं हो सकता और सभी रक्तदाताओं ने मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।
कार्यक्रम में रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों एवं अतिथियों को उपहार स्वरूप एक-एक पौधा भेंट किया गया। उनसे पौधों का रोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया। इस अवसर पर अनामिका जिंदल ने योगेंद्र पुंडीर का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने 100 पौधे उपलब्ध कराकर संस्था के 5,000 वृक्ष लगाने के अभियान को मजबूत सहयोग प्रदान किया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक सविता कपूर, जस्टिस राजेश टंडन, डॉ. डी.एस. मान, डॉ. एस. फारूक, संजय गर्ग, डॉ. आर.के. बख्शी, प्रमोद कपूर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इसके अलावा यूपीईएस के विद्यार्थियों मेधावी, कैरोल, नंदिता, रुद्राक्ष, राघव, श्रेय, नियति, तोषणी और मंथन ने भी सक्रिय भागीदारी निभाकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे जनहितकारी अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
