गोदियाल जांच प्रभावित करने की कोशिश कर रहे, दोषी किसी भी कीमत पर नहीं बचेंगे: हेमंत द्विवेदी

देहरादून,20 जुलाई। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कांग्रेस मंदिर समिति से जुड़े मामलों की जांच को प्रभावित करने और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चंदा चोरी और अन्य अनियमितताओं के मामलों में एसआईटी, विभागीय और उच्च स्तरीय जांच जारी है तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में द्विवेदी ने कहा कि बदरीनाथ और केदारनाथ धाम करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र हैं और सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि गोदियाल ने यह दावा किस आधार पर किया कि गिरफ्तार आरोपी ने कहा है कि उसे ऊपर से निर्देश मिलते थे। यदि यह जानकारी सार्वजनिक नहीं है तो ऐसे बयान जांच को प्रभावित करने का प्रयास हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा में किसी भी प्रकार के गलत कार्य को संरक्षण नहीं दिया जाता और सरकार का उद्देश्य पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाना है। उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी होगा तो उसे कानून के अनुसार सजा मिलेगी और यदि कोई निर्दोष है तो उस पर राजनीति करने वालों को जवाब दिया जाएगा।
द्विवेदी ने गणेश गोदियाल के कार्यकाल पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनके अध्यक्ष रहते मंदिर समिति के संसाधनों का दुरुपयोग हुआ, कर्मचारियों को नियमों के विरुद्ध पदोन्नति दी गई तथा समिति के धन का उपयोग अधीनस्थ मंदिरों और धर्मशालाओं के बजाय अन्य कार्यों में किया गया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2025 की जांच रिपोर्ट में इन मामलों का उल्लेख है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान कार्यकाल में समिति के सभी कर्मचारियों को यात्रा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सेवा में लगाया गया है तथा उन्होंने अपने साथ समिति का कोई स्टाफ नहीं रखा। इसके विपरीत पूर्व कार्यकाल में समिति के संसाधनों का निजी और राजनीतिक कार्यों में उपयोग किया गया।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए द्विवेदी ने कहा कि हाल ही में एक छात्रा और कांग्रेस कार्यकर्ता की मृत्यु के बावजूद कांग्रेस नेताओं द्वारा राजनीतिक कार्यक्रमों में जश्न मनाना उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब इन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए मंदिर समिति से जुड़े मामलों पर राजनीति कर रही है।
उन्होंने दोहराया कि सरकार निष्पक्ष जांच के लिए प्रतिबद्ध है और जांच पूरी होने पर “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा। पत्रकार वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी तथा मीडिया संपर्क संयोजक हरीश चमोली भी उपस्थित रहे।



