बुजुर्ग की जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी बनाकर करोड़ों की धोखाधड़ी, दो आरोपी गिरफ्तार
देहरादून,30 जून। राजपुर क्षेत्र में एक बुजुर्ग की जमीन की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, बलवंत सिंह निवासी साईं मंदिर के निकट, राजपुर रोड, देहरादून ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपक अग्रवाल और मान देवी ने उनकी मौजा डाक पट्टी, राजपुर रोड स्थित भूमि की फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर ली।
आरोप है कि उक्त भूमि में से 120-120 गज के दो प्लॉट सुंदर अग्रवाल निवासी दिल्ली तथा अशोक कुमार गुप्ता निवासी दिल्ली को धोखाधड़ी से बेच दिए गए और इसके एवज में करोड़ों रुपये प्राप्त किए गए।
शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मु0अ0सं0-108/26 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338 एवं 340(2) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) में मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना राजपुर में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश की और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
लगातार प्रयासों के बाद मंगलवार, 30 जून 2026 को राजपुर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने राजपुर तिराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
दीपक अग्रवाल (52 वर्ष), पुत्र गोपाल अग्रवाल, निवासी 75, देहरा खास, आशीर्वाद एंक्लेव, थाना पटेलनगर, देहरादून।
मान देवी (70 वर्ष), पत्नी रतन सिंह, निवासी 41, राजपुर रोड, देहरादून।
पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।


