उत्तराखण्डधर्म-संस्कृति

महंत रविंद्र पुरी महाराज के सानिध्य में सामूहिक विवाह की तैयारियां तेज, दूल्हों को भेंट किए गए सूट व विवाह सामग्री

देहरादून,16 जून 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रविंद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आगामी 19 जून 2026 को जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में आयोजित होने वाले 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम के प्रथम चरण के अंतर्गत मंगलवार को मंदिर प्रांगण में कन्याओं के अभिभावकों को विवाह संबंधी सामग्री वितरित की गई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर प्रत्येक दूल्हे को सूट, पैंट-कोट, टाई, पगड़ी सहित अन्य आवश्यक सामग्री अपने हाथों से भेंट की। वहीं दिगंबर दिनेश पुरी, गोपालपुरी एवं कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती प्रीति गुप्ता द्वारा प्रत्येक कन्या को सुंदर लाल रंग के लहंगे प्रदान किए गए, ताकि वे विवाह समारोह के दिन उन्हें धारण कर सकें।

श्री पृथ्वीनाथ महादेव का किया जलाभिषेक

कार्यक्रम से पूर्व कैबिनेट मंत्री खजान दास ने श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं जलाभिषेक कर प्रदेश एवं विश्व कल्याण की कामना की। उनके साथ दायित्वधारी अशोक वर्मा, गोपालपुरी, श्याम अग्रवाल, पुनीत मित्तल, पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

घोड़ों पर नहीं निकलेगी बारात

सेवादल के पदाधिकारियों ने जानकारी दी कि 19 जून को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में दूल्हों की बारात घोड़ों पर नहीं निकाली जाएगी। इससे होने वाली बचत राशि को कन्याओं के हित में उपयोग करते हुए प्रत्येक कन्या को ₹5100 की एफडी तथा लगभग ₹5000 का गिफ्ट वाउचर भेंट किया जाएगा।

कन्याओं की मुस्कुराहट ही सबसे बड़ा आशीर्वाद : खजान दास
इस अवसर पर मंत्री खजान दास ने कहा कि यदि किसी के प्रयास से एक भी कन्या के चेहरे पर मुस्कान आ जाती है, तो वह कार्य और जीवन दोनों सार्थक हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ऐसे आयोजन जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होते हैं।
कार्यक्रम में दिगंबर भागवत पुरी, दिगंबर दिनेश पुरी, गोपालपुरी, अशोक वर्मा, श्याम अग्रवाल, पुनीत मित्तल, पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, शादाब, अंकुर जैन, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, नवीन गुप्ता, कन्याओं के अभिभावक, श्रीमती प्रीति गुप्ता, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, संजय कुमार गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button