यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, 55 केंद्रों पर 18,302 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

रुद्रपुर,12 जून 2026। आगामी 14 जून (रविवार) को आयोजित होने वाली उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी नितिन सिंह ने जिला सभागार में आयोजित बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा से जुड़ी कोई भी गलती क्षम्य नहीं होती, इसलिए सभी केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक एवं इनविजिलेटर पूरी सतर्कता और गंभीरता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापक परीक्षा से एक दिन पूर्व केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, घड़ी, ब्लूटूथ डिवाइस सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक एवं डिजिटल गैजेट पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। आयोग के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त क्षमता वाले जैमर अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं तथा उनकी कार्यक्षमता की पूर्व जांच भी सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक सत्यापन एवं तलाशी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर ही की जाए। प्रश्नपत्रों को भी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सुरक्षित रखा और खोला जाए। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि बिना परिचय पत्र के कोई भी व्यक्ति परीक्षा केंद्र परिसर में मौजूद न रहे।
बैठक में विद्युत विभाग को परीक्षा अवधि के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के भी निर्देश दिए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू रहेगी।
अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि जिले में कुल 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 18,302 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें रुद्रपुर-किच्छा क्षेत्र के 21 केंद्रों पर 7,424, गदरपुर के 15 केंद्रों पर 4,308, बाजपुर के 11 केंद्रों पर 3,516 तथा काशीपुर के 8 केंद्रों पर 3,054 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, आयोग के प्रतिनिधि, सेक्टर मजिस्ट्रेट, नोडल अधिकारी एवं विभिन्न परीक्षा केंद्रों के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।



