जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने भरा गणना प्रपत्र, मतदाताओं से विशेष पुनरीक्षण अभियान में सहयोग की अपील

रुद्रपुर,08 जून 2026। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी रुद्रपुर मनीष बिष्ट तथा बीएलओ दीपा आर्या ने सोमवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के कार्यालय पहुंचकर उनका गणना प्रपत्र भरवाया।
गणना प्रपत्र भरने के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जनपद की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों के 1464 मतदेय स्थलों पर तैनात बीएलओ 08 जून से 07 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें वापस प्राप्त करने की कार्रवाई करेंगे।
उन्होंने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में पूर्ण सहयोग करें और घर-घर पहुंच रहे बीएलओ को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए गणना प्रपत्र समय पर भरकर जमा करें, ताकि मतदाता सूची का शुद्धिकरण और अद्यतन कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, तहसीलदार दिनेश कुटौला, सुपरवाइजर संजय कुमार वर्मा, आईटी अधिकारी पिंकी कौर, राजू पाल, हरीश सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


