उत्तराखण्डमतदान

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्राथमिकता से पूरा करें: एडीएम कौस्तुभ मिश्र

08 जून से शुरू हुआ घर-घर गणना प्रपत्र वितरण, 15 सितंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

रुद्रपुर,08 जून। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 01 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर सोमवार को अपर जिलाधिकारी कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने की।
बैठक में एडीएम ने सभी नोडल अधिकारियों, बीएलओ तथा निर्वाचन से जुड़े कार्मिकों को निर्देश दिए कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से संपादित करें। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची आवश्यक है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग के विशेष अभियान के तहत सोमवार से बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करने एवं सत्यापन कार्य शुरू कर दिया गया है। सभी बीएलओ एवं रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को प्रतिदिन गणना प्रपत्र वितरण की प्रगति रिपोर्ट कंट्रोल रूम एवं निर्वाचन कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एडीएम ने जानकारी दी कि 29 मई से 07 जून तक प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। 08 जून से 07 जुलाई तक घर-घर सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य चलेगा। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 07 जुलाई तक, मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन 14 जुलाई तक तथा दावे एवं आपत्तियां 14 जुलाई से 13 अगस्त तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होगी।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और अद्यतन बनाना है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी भी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे।
एडीएम ने कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में नहीं है या किसी कारणवश हट गया है, वे प्रारूप-6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से अपना नाम पुनः दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अपने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए के माध्यम से लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करने तथा बीएलओ को सहयोग प्रदान करने की अपील की।
बैठक में प्रभारी अधिकारी जिला कार्यालय हिमांशु कफल्टिया, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत मौर्य, सहायक निदेशक मत्स्य संजय कुमार छिमवाल, जिला सूचना अधिकारी गोविंद सिंह बिष्ट, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नफील जमील, सहायक श्रमायुक्त अरविंद सैनी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी, सीडीपीओ अनीता गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button