उत्तराखण्डराजनीतिराष्ट्रीय

अखिल भारतीय महापौर परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने 29.78 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण व शिलान्यास

ऋषिकेश, 03 जून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने बुधवार को होटल नटराज, ऋषिकेश में आयोजित अखिल भारतीय महापौर परिषद की 117वीं कार्यकारी समिति बैठक में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कुल 29.78 करोड़ रुपये की तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.15 करोड़ रुपये की एक योजना का लोकार्पण तथा 6.63 करोड़ रुपये की दो योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
मुख्यमंत्री ने देशभर से आए महापौरों का स्वागत करते हुए कहा कि महापौर अपने शहर के प्रथम नागरिक होने के साथ-साथ जनता की आशाओं, अपेक्षाओं और विश्वास के प्रतिनिधि भी हैं। उन्होंने कहा कि गांव देश की आत्मा हैं, जबकि शहर नागरिकों के सपनों, आकांक्षाओं और भविष्य की संभावनाओं को आकार देते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उनके नेतृत्व में राज्य में पर्यटन एवं तीर्थाटन को नई पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के मात्र 45 दिनों में 30 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो एक नया रिकॉर्ड है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यात्रा को सरल, सुगम और सुरक्षित बनाना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पहले आदि कैलाश में जहां लगभग 500 यात्री पहुंचते थे, वहीं इस वर्ष प्रतिदिन करीब 1000 श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में अब तक 24 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं तथा पिछले चार वर्षों में 23 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखंड पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में शहरी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसी योजनाओं ने शहरों के विकास और नागरिकों के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कचरा प्रबंधन और सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और लीगेसी वेस्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं का लाभ प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरी गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पहली बार नगर निकायों में अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा निराश्रित गौवंशों के लिए आश्रय योजना तथा श्वानों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल योजना भी शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित शहर ही विकसित भारत की मजबूत पहचान बनेंगे। यदि शहर विकसित होंगे तो देश भी विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री Subodh Uniyal ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप उत्तराखंड को भी विकसित राज्य बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सौर ऊर्जा, कूड़ा प्रबंधन, रेन वाटर हार्वेस्टिंग तथा स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम ऋषिकेश में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन निर्माण कार्य तथा 4.83 करोड़ रुपये की लागत से 12 स्थानों पर वर्षा जल संचयन कार्यों का शिलान्यास किया। साथ ही 23.15 करोड़ रुपये की लागत से सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत लालपानी बीट में कम्पोस्ट प्लांट एवं सैनिटरी लैंडफिल साइट निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न परियोजना स्थलों का निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री Ram Singh Kaida, विधायक Prem Chand Aggarwal, मेयर Shambhu Paswan, Renu Bala Gupta, Ashutosh सहित देश के विभिन्न शहरों से आए महापौर उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button