51 कन्याओं के सामूहिक विवाह की तैयारियां शुरू, श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में हुआ पंजीकरण एवं जलाभिषेक

देहरादून,13 मई 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में आगामी 19 जून 2026 को चौधरी फार्म हाउस, जीएमएस रोड देहरादून में आयोजित होने वाले 51 कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियां जोर-शोर से प्रारंभ हो गई हैं। इसी क्रम में श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर परिसर में पंजीकरण प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की संयोजक श्रीमती प्रीति गुप्ता एवं विक्की गोयल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से पंजीकरण कराने वाले अभ्यर्थियों को मंदिर प्रांगण में आमंत्रित कर आवश्यक प्रपत्र एवं जानकारी उपलब्ध कराई गई। सेवादल द्वारा स्पष्ट किया गया कि केवल पात्र कन्याओं का ही विवाह संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कन्याओं की संख्या 51 से अधिक या कम भी हो सकती है तथा पंजीकरण प्रक्रिया लगातार जारी है।
सेवादल ने बताया कि पात्रता के लिए वर एवं वधू का अविवाहित एवं बालिग होना अनिवार्य है। साथ ही ऐसे परिवारों की कन्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी जो आर्थिक रूप से संपन्न नहीं हैं। इसके लिए पार्षद, ग्राम प्रधान अथवा जनप्रतिनिधि द्वारा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
आयोजकों के अनुसार केवल हिंदू समाज से जुड़ी कन्याओं को ही विवाह समारोह में सम्मिलित किया जाएगा। वर-वधू दोनों के माता-पिता की सहमति अनिवार्य होगी तथा माता-पिता के न होने की स्थिति में अभिभावक की सहमति स्वीकार की जाएगी। उपरोक्त सभी तथ्यों के संबंध में शपथ पत्र भी देना आवश्यक रहेगा।
आयोजकों ने बताया कि अनाथ एवं बेसहारा कन्याओं के विवाह संपन्न कराने का सौभाग्य भी सेवादल को प्राप्त होगा। इच्छुक अभ्यर्थी पंजीकरण हेतु मोबाइल नंबर 9870726178, 9412973492, 9997200072 एवं 8630209602 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा प्रतिदिन श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर, देहरादून में उपस्थित होकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कन्याओं एवं उनके अभिभावकों ने आचार्य भारत भूषण भट्ट जी के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र गंगाजल से श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी का सामूहिक जलाभिषेक किया तथा कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर “बम-बम भोले” एवं “जय भोलेनाथ” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, आचार्य भारत भूषण भट्ट, श्रीमती प्रीति गुप्ता, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, विक्की गोयल, नवीन गुप्ता, रोहित अग्रवाल, संजय कुमार गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



