संत आनंद स्वरूपानंद गिरि का 78 वां जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया

झिंझाना 05 मई
। कस्बा झिंझाना स्थित मंदिर ठाकुर द्वारा के गीता सत्संग भवन में संत स्वामी आनंद स्वरूपानंद गिरि का 78वां जन्मोत्सव धार्मिक भक्त समाज द्वारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने संकीर्तन कर गुरुदेव की महिमा का गुणगान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत महिला मंडली द्वारा भक्ति भाव से संकीर्तन से हुई, जिसमें नीलम, संगीता, ममता और सुषमा सहित अन्य महिलाओं ने भाग लिया। देर शाम पुरुष वर्ग ने भी भजन-कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय दिया। भजन गायक आनंद चंचल ने हारमोनियम तथा मोहन लाल ने ढोलक की संगत से संकीर्तन में विशेष रंग जमा दिया, जिससे श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे। संत गिरि ने फोन पर श्रद्धालुओं को आशीर्वचन स्वरूप धर्म पर चलने की कही। पुरुष वर्ग में डॉ. राकेश पाराशर, उत्तम नारंग, रमेश, संजय मित्तल, जितेंद्र, ललित संगल और आनंद चंचल ने भजनों के माध्यम से गुरु महिमा का गुणगान किया। इस दौरान अशोक बहादुर गोयल ने संत स्वरूपानंद गिरि द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे धार्मिक जनजागरण के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
धार्मिक भक्त समाज के संचालक एवं सचिव डॉ. राकेश पाराशर ने बताया कि संत स्वरूपानंद गिरि ने वीतराग परमहंस दयानंद गिरि के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के लिए इस समाज की स्थापना की, जिसकी शाखाएं आज पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश तक फैल चुकी हैं। नगर प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि जन्मोत्सव कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और आस्था के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर डॉ. मधुसूदन, डॉ. अशोक विश्वास, मीडिया प्रभारी प्रेम चंद वर्मा, श्रीभगवान मित्तल, मनीष संगल , गोपाल मित्तल, पत्रकार सलेक चंद वर्मा सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

