मुस्लिम सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता नईम कुरैशी
देहरादून, 6 सितंबर। मुस्लिम सेवा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ता नईम कुरैशी के सम्मान में रविवार को देहरादून के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एडवोकेट जावेद खान, आसपा नेता एडवोकेट जावेद अख्तर, धर्मपुर विधानसभा प्रत्याशी योगेंद्र चौहान समेत पार्टी के तमाम कार्यकर्ताओं ने नईम कुरैशी को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य एडवोकेट जावेद खान ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में दलित, पिछड़े, मुस्लिम और कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज मजबूती से उठाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर नईम कुरैशी द्वारा संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय करने का निर्णय स्वागत योग्य है। उन्होंने नईम कुरैशी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
नवनियुक्त राष्ट्रीय प्रवक्ता नईम कुरैशी ने कहा कि देश में दबे-कुचले, दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि अब तक संगठनात्मक गतिविधियां कुछ राज्यों तक सीमित थीं, लेकिन अब आजाद समाज पार्टी के बैनर तले सर्व समाज के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने और पार्टी के संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य समाज के वंचित एवं कमजोर वर्गों की आवाज को लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से बुलंद करना है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नईम कुरैशी का स्वागत करते हुए संगठन को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत बनाने का संकल्प लिया।