भाजपा महानगर कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर विचार गोष्ठी, नेताओं ने सामाजिक न्याय के संकल्प को दोहराया

देहरादून,19 अप्रैल 2026 । 
भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में रविवार को भारत रत्न एवं संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल द्वारा अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन से हुई। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य उनके सिद्धांतों और सामाजिक न्याय के मूल्यों को आम जनता तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता एवं दर्जाधारी राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व के सिद्धांतों के लिए आजीवन संघर्ष किया। उन्होंने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम बताते हुए कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।”
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे डॉ. अंबेडकर के विचारों को अपने जीवन में अपनाते हुए एक समतामूलक और सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दें।
वक्ताओं ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बाबा साहेब के जीवन से जुड़े स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित किया गया है तथा उनकी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में दर्जाधारी राज्य मंत्री भगवत प्रसाद मकवाना, अनिल गोयल, डॉ. देवेंद्र भसीन, श्रीमती विनोद उनियाल, कुलदीप बुटोला, रविंद्र वाल्मीकि, अशोक वर्मा सहित कार्यक्रम संयोजक संकेत नौटियाल, विजेंद्र थपलियाल, राजेंद्र ढिल्लों, सुनील शर्मा, राजेश कंबोज, दयाराम और अनेक पार्षद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



