प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में खुले गंगोत्री–यमुनोत्री धाम के कपाट

देहरादून/उत्तरकाशी,19 अप्रैल 2026 । 


पावन अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट रविवार को विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही चारधाम यात्रा 2026 का भव्य शुभारंभ हो गया।
दोनों धामों में पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से संपन्न की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन समारोह में संकल्प लेकर विशेष पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा यात्रा की सफलता के लिए मंगलकामना की।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर से गंगोत्री धाम पहुंची, जहां विशेष पूजा-अभिषेक के बाद दोपहर 12:15 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। वहीं, मां यमुना की डोली शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से शनिदेव महाराज की अगुवाई में यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां 12:35 बजे श्रद्धालुओं के लिए कपाट खोले गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यातायात प्रबंधन, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि देवभूमि उत्तराखण्ड आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुखद और अविस्मरणीय यात्रा अनुभव प्राप्त हो। मुख्यमंत्री ने “ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा” के लिए सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का आग्रह किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सुरेश चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं मंदिर समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



