अपराधउत्तराखण्ड

उत्तराखंड में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 76 तस्कर गिरफ्तार; ₹1.35 करोड़ की ड्रग्स बरामद

उत्तराखंड में नशा तस्करों पर पुलिस की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 76 तस्कर गिरफ्तार; ₹1.35 करोड़ की ड्रग्स बरामद

 

ऑपरेशन ट्रैक-7 के तहत सुबह 5 बजे 273 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, 181 पुलिस टीमों ने चलाया दो दिवसीय अभियान

 

देहरादून।

अरिहंत समाचार

Advt.

उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम देते हुए प्रदेशभर में व्यापक अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक (DGP) के सख्त निर्देश पर 24 और 25 नवंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान ‘ऑपरेशन ट्रैक-7’ के तहत सुबह 5 बजे प्रदेश के 273 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। इस दौरान 76 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि करीब 1.35 करोड़ रुपये कीमत के मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई।

Oplus_16908288
Oplus_16908288
Oplus_16908288
Oplus_16908288

अभियान के तहत SSP/SP, अपर पुलिस अधीक्षकों और क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में 181 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों ने प्रदेशभर में नशे के हॉटस्पॉट चिह्नित कर छापेमारी और सघन चेकिंग की। इस दौरान कुल 968 संदिग्धों का सत्यापन किया गया।

 

पुलिस की विशेष कार्रवाई देहरादून की सपेरा बस्ती, बिंदाल पुल और ऋषिकेश के गुमानीवाला, नैनीताल के गूलरभोज और गुल्लरघट्टी, कोटद्वार के कोड़िया बैरियर, टिहरी के मुनि की रेती तथा ऊधमसिंह नगर के भूरारानी और रम्पुरा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भी की गई।

 

NDPS एक्ट में 69 मुकदमे, 76 तस्कर गिरफ्तार

 

पुलिस के अनुसार प्रदेशभर में NDPS एक्ट के तहत 69 मुकदमे दर्ज कर 76 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जिलेवार गिरफ्तारियों की बात करें तो ऊधमसिंह नगर में 19, नैनीताल में 16, हरिद्वार और देहरादून में 13-13, टिहरी में 6 और पिथौरागढ़ में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 

करोड़ों की ड्रग्स बरामद

 

दो दिवसीय अभियान के दौरान पुलिस ने 450 ग्राम हेरोइन, 4.9 किलोग्राम चरस, 45 किलोग्राम गांजा, 1,510 नशीली टैबलेट और कैप्सूल तथा 40 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थों की कुल कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये है। इसमें ANTF/STF की कार्रवाई में व्यावसायिक मात्रा के तहत बरामद 4.1 किलोग्राम चरस और 1,282 नशीले कैप्सूल एवं टैबलेट भी शामिल हैं।

 

तस्करों की निगरानी के लिए 473 डोजियर तैयार

 

पुलिस ने अभियान के दौरान केवल गिरफ्तारियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी, बल्कि नशा तस्करी के नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखने के लिए 473 आरोपियों के डोजियर तैयार किए। इसके साथ ही 61 नए हिस्ट्रीशीटर खोले गए। पांच फरार आरोपियों को गैर-जमानती वारंट के तहत गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमे दर्ज किए गए।

 

इसके अलावा 1.3 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से की जा रही भांग की खेती को नष्ट किया गया। वहीं MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर प्राप्त आठ शिकायतों का मौके पर सत्यापन भी किया गया।

 

2026 में अब तक 1,601 नशा तस्कर गिरफ्तार

 

उत्तराखंड पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2026 में अब तक NDPS एक्ट के तहत 1,340 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और 1,601 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान करीब 62 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं।

 

नशा तस्करी में संलिप्त आदतन अपराधियों पर आर्थिक और कानूनी शिकंजा कसते हुए PITNDPS एक्ट के तहत 16 लोगों को निरुद्ध किया गया है। वहीं वित्तीय जांच के जरिए नशे के अवैध कारोबार से अर्जित करीब 6.30 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है।

 

उत्तराखंड पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी में शामिल लोगों, उनके नेटवर्क और अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि देवभूमि की युवा पीढ़ी को नशे के जाल से बचाने और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार की जाएगी।

Related Articles

Back to top button