दीपावली से पहले परिवहन विभाग सख्त, डीडीहाट में बस सीज
एआरटीओ प्रवर्तन की बड़ी कार्रवाई, बीते माह जनपद में 612 चालान और 14 वाहन सीज
पिथौरागढ़ 03 नवम्बर । दीपावली पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी महोदय के निर्देशों के क्रम में जनपद में सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए परिवहन विभाग ने प्रवर्तन की कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रवर्तन पिथौरागढ़ शिवांश कांडपाल के नेतृत्व में डीडीहाट क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों एवं मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन पाए जाने पर एक बस को सीज कर दिया गया।
एआरटीओ प्रवर्तन शिवांश कांडपाल ने बताया कि दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने, यात्रियों की आवाजाही में वृद्धि तथा वाहनों के अधिक संचालन को देखते हुए परिवहन विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत वाहनों के आवश्यक अभिलेखों, फिटनेस, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, चालक लाइसेंस तथा वाहन की निर्धारित यात्री क्षमता की जांच की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान एवं सीज की कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। बीते माह जनपद में प्रवर्तन टीम द्वारा व्यापक अभियान चलाते हुए कुल 612 वाहनों के चालान किए गए तथा 14 वाहनों को सीज किया गया। त्योहारों के मद्देनजर यह अभियान और अधिक प्रभावी ढंग से जारी रहेगा। विशेष रूप से ओवरलोडिंग, तेज गति, बिना वैध अभिलेखों के वाहन संचालन, बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ प्रवर्तन ने आमजन एवं वाहन चालकों से विशेष अपील की है कि दीपावली का त्योहार खुशियों और सुरक्षित वातावरण में मनाएं। त्योहार के दौरान जल्दबाजी में वाहन न चलाएं, शराब पीकर वाहन चलाने से पूरी तरह बचें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाएं तथा ओवरलोडिंग से बचें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें और तेज गति एवं अनावश्यक ओवरटेकिंग से परहेज करें।
उन्होंने वाहन स्वामियों एवं चालकों से यह भी अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले अपने वाहन की फिटनेस, ब्रेक, टायर, लाइट एवं अन्य आवश्यक तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच अवश्य कर लें तथा वाहन के सभी वैध दस्तावेज साथ रखें। अभिभावक अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न दें।
परिवहन विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि दीपावली पर्व के दौरान प्रवर्तन अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।