उत्तराखण्डजनकल्याणकारी योजना

गंगोत्री विहार में 2.04 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नलकूप का कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया शिलान्यास

देहरादून, 21 अक्टूबर। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज देहरादून में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 05 घोरणखास स्थित गंगोत्री विहार में 204.02 लाख रुपये की लागत से होने वाले नलकूप निर्माण एवं संबंधित कार्यों का विधिवत शिलान्यास किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि गंगोत्री विहार क्षेत्र में लंबे समय से जल संकट की समस्या बनी हुई थी। क्षेत्रवासियों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए नलकूप निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी और स्थानीय निवासियों को स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार जिन योजनाओं का शिलान्यास करती है, उनका लोकार्पण भी सुनिश्चित करती है, ताकि विकास योजनाओं का वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंच सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि नलकूप निर्माण कार्य पूरा होने के बाद गंगोत्री विहार क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और लंबे समय से जल संकट का सामना कर रहे स्थानीय लोगों को राहत प्राप्त होगी।

इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक देहरादून अध्यक्ष मंजीत रावत, पार्षद अल्पना राणा, मंडल अध्यक्ष प्रदीप रावत, निरंजन डोभाल, सुरेंद्र राणा सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Advt.

Related Articles

Back to top button