लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी और कर्मठता से प्रेरणा लेने की जरूरत: विवेक मोहन श्रीवास्तव
भगवान श्री चित्रगुप्त जी राष्ट्रीय सेवादल ने शास्त्री जयंती पर प्रतिमा की साफ-सफाई कर किया माल्यार्पण, संगोष्ठी में सामाजिक योगदान को किया याद
देहरादून,
02 अक्टूबर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश के महान जननेता स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सामाजिक संस्था भगवान श्री चित्रगुप्त जी राष्ट्रीय सेवादल की ओर से भंडारीबाग स्थित शास्त्री जी की प्रतिमा स्थल पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान संस्था से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रतिमा की साफ-सफाई की तथा माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
संगोष्ठी में वक्ताओं ने लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, सादगी, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज और देश के लिए प्रेरणादायी हैं। वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई जाती है, लेकिन कई बार उनके योगदान को अपेक्षित रूप से स्मरण नहीं किया जाता। शास्त्री जी के योगदान और आदर्शों को देश कभी नहीं भूल सकता।
संस्था के संस्थापक एवं समाजसेवी विवेक मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि आज भगवान श्री चित्रगुप्त जी राष्ट्रीय सेवादल के गठन को एक वर्ष पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि संस्था ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल में अनेक सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की है। इनमें निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग, विभिन्न शोभायात्राओं में सहयोग तथा जरूरतमंद लोगों को समय-समय पर कंबल, वस्त्र एवं भोजन उपलब्ध कराना प्रमुख है। उन्होंने कहा कि संस्था आगे भी समाजसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर जीतेन्द्र श्रीवास्तव, संजय गर्ग, राजेन्द्र प्रसाद श्रीवास्तव और दीपक शरण अग्रवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री की ईमानदारी, सादगी और कर्मठता सभी के लिए अनुकरणीय है। आज आवश्यकता है कि सार्वजनिक जीवन में कार्य करने वाले लोग शास्त्री जी के जीवन से प्रेरणा लें और राष्ट्रहित एवं समाजहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
कार्यक्रम में पृथ्वीनाथ मंदिर सेवा दल, श्री महाकाल सेवा समिति तथा भंडारीबाग क्षेत्र के पार्षद महीपाल धीमान एवं उनके सहयोगियों का भी सहयोग रहा।
इस दौरान अनिता सक्सेना, विजयवीर जौहरी, कपिल गुप्ता, दीपक मित्तल, गौरव जैन, हितेन्द्र सक्सेना, पीयूष निगम, रोशन राणा, आयुष जैन, मुकेश रावत, रवि कुमार, नहीम सहित क्षेत्र के अनेक लोग मौजूद रहे।