श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में 11 से 19 अक्टूबर तक नवरात्र महोत्सव

बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ को समर्पित होंगे नौ दिवसीय कार्यक्रम, कन्याओं के सामूहिक विवाह की भी होगी पहल
देहरादून, 28 सितंबर। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर देहरादून में आगामी शारदीय नवरात्र पर्व को लेकर नौ दिवसीय भव्य कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। मंदिर में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नवरात्र महोत्सव को ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान तथा कन्याओं के सामूहिक विवाह के लिए समर्पित किया गया है।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि 11 अक्टूबर को प्रथम नवरात्र पर प्रातः शुभ मुहूर्त में विधिविधान से घट स्थापना की जाएगी। हरियाली के प्रतीक स्वरूप जौ बोए जाएंगे तथा अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी। इसके उपरांत मंदिर में विराजमान मां भगवती की प्रतिमा को चोला अर्पित कर पूजा-अर्चना की जाएगी। विश्व कल्याण की कामना के साथ श्री दुर्गा सप्तशती के पाठ भी होंगे।
अष्टमी की मध्य रात्रि में होगा हवन
उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर को अष्टमी तिथि की मध्य रात्रि में विशेष हवन आयोजित किया जाएगा, जो 19 अक्टूबर की प्रातः भोर तक चलेगा। इसके बाद नवमी तिथि की प्रातः मंदिर में विधिविधान से कांजिका पूजन किया जाएगा।
प्रतिदिन होगी मां की भजन संध्या
सेवादल की ओर से बताया गया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ‘मेला मैया में भजन संध्या’ के अंतर्गत माता रानी की चौकी का आयोजन किया जाएगा। 11 से 19 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक अलग-अलग जागरण पार्टी द्वारा मां भगवती की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
19 अक्टूबर को डांडिया रास का भव्य आयोजन
नवरात्र महोत्सव के तहत 19 अक्टूबर की मध्य रात्रि तक डांडिया रास का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसमें मातृशक्ति प्रतिभाग कर सकेगी। मध्य रात्रि में विशेष श्रृंगार आरती के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आर्थिक रूप से कमजोर कन्याओं के सामूहिक विवाह की पहल
नवरात्र कार्यक्रम के दौरान आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की कन्याओं के विवाह के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा। ऐसी कन्याएं, जिनके परिवार विवाह का खर्च वहन करने में सक्षम नहीं हैं, वे अपना पंजीकरण करा सकेंगी। पंजीकृत कन्याओं के विवाह दशहरे की पावन तिथि अथवा आगामी मांगलिक तिथियों में आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने बताया कि यह पूरी पहल बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के संदेश को समर्पित होगी।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी के साथ राजेंद्र आनंद, नवीन गुप्ता, विकी गोयल, रोहित अग्रवाल, कपिल गुप्ता, विवेक श्रीवास्तव, तुषार, दिलीप सैनी, राजकुमार गुप्ता, दीपक मित्तल, सचिन गुप्ता, अजय गुप्ता, संजय कुमार गर्ग सहित अन्य श्रद्धालु एवं सेवादल के सदस्य उपस्थित रहे।