विश्व वृद्ध जन दिवस पर 1 अक्टूबर को तुलसी प्रतिष्ठान में होगा भव्य आयोजन पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत होंगे मुख्य अतिथि,
समाज में रचनात्मक योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों का होगा सम्मान

देहरादून, 28 सितंबर। उत्तराखंड वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति, देहरादून की बैठक सोमवार को सहारनपुर रोड स्थित समिति के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 1 अक्टूबर 2026 को विश्व वृद्ध जन दिवस के अवसर पर देहरादून में भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। कार्यक्रम का आयोजन तुलसी प्रतिष्ठान, तिलक रोड, देहरादून में किया जाएगा।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष धन प्रकाश गोयल ने बताया कि विश्व वृद्ध जन दिवस के अवसर पर ऐसे वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने जीवनकाल में समाज के लिए उल्लेखनीय, रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्य किए हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों, योगदान और सामाजिक भूमिका को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को उनके जीवन मूल्यों से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सामाजिक, धार्मिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। आयोजन में केवल देहरादून ही नहीं, बल्कि प्रेमनगर, हरिद्वार, विकासनगर, ऋषिकेश और मसूरी सहित विभिन्न क्षेत्रों से वरिष्ठ नागरिकों के प्रतिभाग करने की संभावना है। समिति द्वारा कार्यक्रम को व्यापक और गरिमापूर्ण स्वरूप देने की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल तथा कैबिनेट मंत्री खजान दास सहित अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ उनके सामाजिक अनुभवों और योगदान को रेखांकित किया जाएगा।
बैठक में आगामी कार्यक्रम की तैयारियों, अतिथियों के स्वागत, वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता तथा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव एवं मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है। इसलिए उनके सम्मान और गरिमा को बनाए रखना सामूहिक सामाजिक जिम्मेदारी है।
बैठक में धन प्रकाश गोयल,मिलिंद गोयल, वी.के.गोयल,संजय कुमार गर्ग,नरेश सिंघल,गोपाल सिंघल, एम.सी.गुप्ता,विवेक अग्रवाल सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।