उत्तराखण्डराष्ट्रीयविशेष समाचार

राष्ट्रभक्ति नारों में नहीं, आचरण में दिखे: कानिटकर

देहरादून,23 सितंबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक श्री मुकुल कानिटकर ने कहा कि भारत माता के प्रति समर्पण केवल भावनाओं और नारों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह हमारे विचारों, व्यवहार और जीवन के हर निर्णय में दिखाई देना चाहिए।
श्री मुकुल कानिटकर आज ग्राफिक एरा के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ‘यूथ कनेक्ट’ प्रोग्राम में छात्र-छात्राओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिस तरह कोई अपनी मां को गंदगी में नहीं देख सकता, उसी तरह भारत माता को भी स्वच्छ रखना हमारा दायित्व है। आज के समय में युवाओं के सामने सुविधाओं और विकल्पों की कमी नहीं है, लेकिन यही सुविधा कई बार व्यक्ति के आत्मबल और संघर्ष करने की क्षमता को कमजोर कर सकती है। उन्होंने युवाओं से अपने मन और शरीर को कठिन परिस्थितियों के लिए तैयार करने का आह्वान किया।
छात्रों से संवाद में उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत भारतीय भाषाओं में शिक्षा, विद्यार्थियों को मिल रहे नए विषयों और पाठ्यक्रमों के विकल्पों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि मातृभाषा में उच्च शिक्षा से विद्यार्थियों को विषयों को बेहतर ढंग से समझने और समाज से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा को जीवन में अपनाने तथा शिक्षा, तकनीक, डिजिटल सेवाओं और दैनिक जरूरतों से जुड़े निर्णयों में देशहित को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
श्री मुकुल कानिटकर ने कहा कि व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण नियंत्रण स्वयं पर नियंत्रण है। यदि व्यक्ति अपने मन, समय, इच्छाओं और आदतों को नियंत्रित कर सकता है, तो वह कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
यूथ कनेक्ट का आयोजन अभ्युदय भारत राइजिंग फोरम ने ग्राफिक एरा के सिल्वर जुबली कन्वेंशन सेंटर में किया। कार्यक्रम में यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ नरपिंदर सिंह, प्रो वीसी डॉ संतोष एस सर्राफ, कुलसचिव डॉ नरेश कुमार शर्मा, देहरादून विभाग प्रचारक श्री धनंजय, देहरादून सह विभाग प्रचारक श्री सौरव, सह संयोजक, अभ्युदय भारत डॉ. अंकित, श्री गजराज, विभिन्न विभागों के अध्यक्ष शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन डॉ गिरीश लखेड़ा ने किया।

Related Articles

Back to top button