नैनीताल में कदली वृक्ष की पूजा-अर्चना के बाद निकली भव्य शोभायात्रा
कदली वृक्ष की पूजा-अर्चना के बाद निकली भव्य शोभायात्रा, मां के जयकारों से गूंज उठी सरोवर नगरी
18 सितंबर को होगा मां नन्दा-सुनन्दा की मूर्ति का निर्माण, 19 सितंबर को ब्रह्म मुहूर्त में होंगे दर्शन
नैनीताल 17 सितम्बर ।
सरोवर नगरी नैनीताल समेत पूरे कुमाऊं मंडल में मां श्री नन्दा-सुनन्दा महोत्सव की धूम है। महोत्सव के तहत कदली दल द्वारा मंगोली से लाए गए कदली वृक्ष का गुरुवार को विधि-विधान से पूजन किया गया। कदली वृक्ष के नैनीताल पहुंचने पर सूखाताल रामलीला मंच के कार्यकर्ताओं, क्षेत्रवासियों और मातृशक्ति ने पूजा-अर्चना कर मां नन्दा-सुनन्दा के जयकारे लगाए। इससे पूरी सरोवर नगरी भक्तिमय हो उठी।
कदली वृक्ष को सबसे पहले मां वैष्णव देवी मंदिर, तल्लीताल ले जाया गया, जहां उसे बस से उतारकर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सैकड़ों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में कदली वृक्ष की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बैंड-बाजे, छोलिया दल, स्कूली बच्चे, स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। तल्लीताल से मालरोड और बाजारों से होते हुए कदली वृक्ष को मां नैना देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए रखा गया।
बताया गया कि 18 सितंबर को कदली वृक्ष सहित अन्य पूजन सामग्री से मां नन्दा-सुनन्दा देवी की मूर्तियों का निर्माण किया जाएगा। इसके बाद 19 सितंबर को ब्रह्म मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां नन्दा-सुनन्दा की प्रतिमाओं को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ स्थापित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
मां के जयकारों से नैनीताल का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु मां की भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। 16 सितंबर से कदली दल के रवाना होने के साथ शुरू हुआ मां श्री नन्दा-सुनन्दा महोत्सव अब चरम पर पहुंच गया है। खेल मैदान में भव्य मेले का आयोजन भी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस द्वारा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से पहले ही स्पष्ट किया गया है कि महोत्सव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर श्री राम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज साह, महामंत्री जगदीश बवाड़ी, पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी, नामित नगर पालिका सदस्य आनंद बिष्ट, डॉ. ललित तिवारी सहित कदली दल के कार्यकर्ता, श्रद्धालु और सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।
रिपोर्ट : ललित जोशी, नैनीताल