हेल्थउत्तराखण्ड

जिला चिकित्सालय कोरोनेशन का राज्यमंत्री प्रताप पंवार ने किया निरीक्षण, मरीजों से जानी स्वास्थ्य सुविधाओं की हकीकत

देहरादून, 08 सितंबर। उत्तराखंड सरकार के राज्यमंत्री प्रताप पंवार ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय कोरोनेशन देहरादून का निरीक्षण कर अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों से दवाइयों की उपलब्धता, उपचार व्यवस्था और चिकित्सकों के व्यवहार को लेकर सीधे संवाद किया।
मरीजों ने राज्यमंत्री को बताया कि उन्हें समय पर आवश्यक दवाइयां और इंजेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही चिकित्सकों द्वारा बाहरी दवाइयां नहीं लिखी जा रही हैं। मरीजों और तीमारदारों ने चिकित्सालय प्रशासन, चिकित्सकों एवं नर्सिंग अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने मेडिसिन वार्ड, बर्न वार्ड, सर्जिकल वार्ड, पैथोलॉजी समेत अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण अनुभागों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सालय में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई और सभी कार्मिक निर्धारित वेशभूषा में अपने-अपने कक्षों में उपस्थित मिले।
राज्यमंत्री प्रताप पंवार ने अस्पताल में सुव्यवस्थित प्रबंधन, स्वच्छता तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापरक स्वास्थ्य सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जिला चिकित्सालय के प्रमुख अधीक्षक डॉ. यतेंद्र सिंह सहित समस्त टीम को बेहतर व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख अधीक्षक डॉ. यतेंद्र सिंह, पीआरओ प्रमोद पंवार, सहायक नर्सिंग अधीक्षिका सुशीला पंवार, ज्योति खन्ना सहित चिकित्सालय के अन्य अधिकारी एवं चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button