उत्तराखण्डशिक्षा

शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट शिक्षकों एवं मेधावी विद्यार्थियों का हुआ भव्य सम्मान, देशभक्ति एवं भक्ति संगीत से गूंजा सभागार

देहरादून, 05 सितम्बर। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर भारत विकास परिषद, गंगोत्री शाखा, देहरादून एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में “शिक्षक सम्मान समारोह–2026” का भव्य आयोजन शनिवार को नगर निगम प्रेक्षागृह, देहरादून में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों तथा विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके प्रति समाज की कृतज्ञता एवं सम्मान व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, भगवान श्री गणेश एवं माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर देहरादून की मधुर गायिका श्रीमती प्रीति रावत ने भगवान श्री गणेश की भावपूर्ण वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात नन्ही बालिका प्रतिष्ठा रावत ने माँ सरस्वती की मनमोहक वंदना प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। तत्पश्चात सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इसके उपरांत श्रीमती विजयलक्ष्मी अग्रवाल के नेतृत्व में समस्त सदन ने एक स्वर में “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन किया। पूरे सभागार में राष्ट्रभक्ति का अनुपम वातावरण छा गया तथा उपस्थित सभी अतिथि एवं श्रोता भाव-विभोर हो उठे।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में भारत विकास परिषद,गंगोत्री शाखा के महासचिव एवं श्रृंखला म्यूजिकल ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष व उत्तराखंड के प्रसिद्ध गायक श्री पीयूष निगम, उत्तराखंड की
स्वर कोकिला श्रीमती मनीषा आले व श्रीमती प्रीति रावत द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। उनकी शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं आकर्षक मंच संचालन श्री योगेश अग्रवाल एवं श्री पीयूष निगम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, जबकि मंच संयोजन का दायित्व श्री पीयूष श्रीवास्तव ने सफलतापूर्वक निभाया।
समारोह में माननीय कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास जी, माननीय कैबिनेट मंत्री श्री प्रदीप बत्रा जी तथा माननीय राज्यसभा सांसद श्री नरेश बंसल जी सम्माननीय अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता देहरादून नगर निगम के माननीय महापौर श्री सौरभ थपलियाल जी ने की।
विशिष्ट अतिथियों में माननीय विधायक श्रीमती सविता कपूर जी, माननीय क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती निशा अग्रवाल जी, भारत विकास परिषद के प्रांतीय महासचिव श्री संजय गर्ग जी, माध्यमिक शिक्षा उत्तराखंड के निदेशक श्री विनोद सेमल्टी जी तथा तुलाज़ यूनिवर्सिटी, देहरादून के अध्यक्ष श्री सुनील जैन जी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में सभी अतिथियों ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का भी संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह समाज में शिक्षकों के प्रति आदर एवं सम्मान को और अधिक सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
समारोह के दौरान विभिन्न विद्यालयों के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें विधि डबराल (492 अंक), शीतल, तापुर ध्यानी, विभा त्रिपाठी, दिव्यांश, प्रज्ञा पांडे, इप्शिता सिंह, श्रेयांशी गरेन, श्यामा रे, विवान चौहान, अमेय श्रीनिधि, गार्गी भट्ट, भव्या श्री, श्रेया एवं अक्षिता सहित अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी गईं।
इसके साथ ही शिक्षा, खेल, प्रबंधन एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लगभग 35 उत्कृष्ट शिक्षकों, शिक्षाविदों एवं शिक्षा प्रशासकों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित विभूतियों में श्री अभिषेक कुमार शुक्ला, श्री अवधेश दुबे, डॉ. अश्वनी कंबोज, डॉ. विजयपाल सिंह, डॉ. रोहित गोयल, श्री हरीश मित्तल, श्री सुनील जैन, श्रीमती बसंती खम्पा, श्री राजेंद्र प्रसाद रतूड़ी ‘राजेंद्र निर्मल’, डॉ. महताब सिंह गोसाई, डॉ. शशि भूषण अमोली, श्रीमती संध्या जोशी, रूपचंद गुरुजी, सुश्री पूजा कंबोज, श्रीमती रचना देव, डॉ. लालिमा वर्मा, श्रीमती नीतू सिंह, श्रीमती कृष्णा राय, श्री बृजेश कुमार शर्मा, डॉ. भारती मिश्रा, श्रीमती कविता जनवेजा, श्री अनिरुद्ध कुमार गोयल, श्री दिनेश सेमवाल, श्रीमती प्रियंका वर्मा, श्रीमती स्मिता गुप्ता, श्री डी.एम. लखेड़ा, श्रीमती प्रीति सक्सेना, श्रीमती अन्नू रानी, श्रीमती पूनम वर्मा, श्री सुशील शर्मा, श्री विशाल मणि बहुगुणा, डॉ. कृष्ण सिंह मलिक, डॉ. अशोक शर्मा, श्रीमती मोनिका सैनी एवं श्री योगेश कालड़ा प्रमुख रहे। सभी सम्मानित शिक्षकों एवं शिक्षाविदों को पगड़ी, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं उत्कृष्टता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों ने कार्यक्रम की भव्यता, अनुशासित व्यवस्था एवं उत्कृष्ट आयोजन की मुक्त कंठ से सराहना की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री रोशन लाल अग्रवाल, प्रदेश चेयरमैन श्री योगेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष श्री पराग गुप्ता, प्रदेश महासचिव श्री सुनील अग्रवाल, प्रदेश महासचिव श्री पंकज गुप्ता, शाखा अध्यक्ष डॉ. एस.के. अग्रवाल, शाखा महासचिव श्री पीयूष निगम सहित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में लगभग 500 से अधिक शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही। पूरे समारोह के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट, राष्ट्रभक्ति एवं गुरु वंदना की भावनाओं से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम ने समाज में शिक्षकों के सम्मान, शिक्षा के महत्व तथा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
समारोह का समापन राष्ट्रगान, आभार ज्ञापन एवं “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button