उत्तराखण्डराज्यविशेष समाचार

प्रवासी उत्तराखंडियों को पैतृक गांवों से जोड़ने के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम, रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि: मुख्यमंत्री धामी

प्रवासी उत्तराखंडियों से अपने अनुभव, ज्ञान और कौशल के माध्यम से प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान; शीतकालीन यात्रा की तैयारियों के निर्देश, अग्निवीरों को रोजगार देने का वादा भी किया पूरा

देहरादून 13 नवम्बर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक वार्ता करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रतिवर्ष प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए सम्मेलन आयोजित कर रही है। इस सम्मेलन का उद्देश्य देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और समृद्ध विरासत से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन के माध्यम से प्रवासी उत्तराखंडियों को अपनी मातृभूमि से जुड़ने और प्रदेश के विकास में योगदान देने का अवसर मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के प्रवासी भाई-बहनों ने देश और दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। राज्य सरकार उन्हें अपने पैतृक गांवों से जोड़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। अनेक प्रवासी उत्तराखंडी अपने गांवों से जुड़ रहे हैं और गांवों को गोद लेकर उनके विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। यह पहल न केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत और जड़ों से जुड़ने का माध्यम बन रही है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को भी नई गति प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में रिवर्स पलायन की दर में भी 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो उत्साहजनक संकेत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोग देश-दुनिया के लगभग सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता से पहचान बना रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभव, ज्ञान, कौशल और सुझावों के माध्यम से प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। प्रवासियों से मिलने वाले सुझावों और अनुभवों को सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों में शामिल करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

### शीतकालीन यात्रा के लिए सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी उत्तराखंड आने और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक मान्यताओं के अनुसार चारधामों के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर की जाती है। इन स्थलों पर विधि-विधान से संपन्न होने वाली पूजा का भी उतना ही धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। शीतकालीन यात्रा प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे श्रद्धालुओं को देवभूमि की आध्यात्मिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

Advt.

### अग्निवीरों को आरक्षण देने का वादा पूरा कर रही सरकार

अग्निवीरों को रोजगार देने के संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार सेना से चार वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद बाहर आने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने का अपना वादा पूरा कर रही है। इसी क्रम में पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी भी दे दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का सम्मान उत्तराखंड की परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। देश की सीमाओं की सुरक्षा में उत्तराखंड के वीर जवानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हर सैनिक का सम्मान करना और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button