उत्तराखण्डधर्म-कर्म

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में 4 और 5 सितंबर को मनाई जाएगी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी

मथुरा और वृंदावन के कलाकार देंगे रासलीला एवं सुंदर झांकियों की प्रस्तुति

देहरादून, 2 सितंबर। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर प्रांगण में आज सेवादल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। मंदिर में इस वर्ष भी दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 4 एवं 5 सितंबर को श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
दिगंबर दिनेश पुरी जी ने बताया कि 4 सितंबर को श्रद्धालु व्रत रखेंगे तथा मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। श्रीकृष्ण जन्म के समय मंदिर में विराजमान लड्डू गोपाल जी का दूध, दही, पंचामृत, शक्कर आदि से मंत्रोच्चार के साथ भव्य अभिषेक किया जाएगा। पूजा-अर्चना के बाद लड्डू गोपाल जी को सुंदर सजे पालने में विराजमान कर आरती की जाएगी। श्रद्धालुओं को पंचामृत एवं सूखे धनिये का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
माखन-मिश्री का विशेष प्रसाद
जन्माष्टमी के दोनों दिन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री का विशेष भोग लगाया जाएगा और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। मंदिर में कान्हा बनकर आने वाले बच्चों को महेंद्र जी की ओर से आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
जुनून डांस अकादमी देगी सांस्कृतिक प्रस्तुति
4 सितंबर को मंदिर प्रांगण में जुनून डांस अकादमी के छोटे-छोटे बच्चों द्वारा नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती अर्चना सिंघल होंगी।
5 सितंबर को भव्य नंद उत्सव
5 सितंबर को मंदिर प्रांगण में भव्य नंद उत्सव आयोजित किया जाएगा। इसके लिए मथुरा-वृंदावन से लगभग 31 कलाकारों की टीम पहुंचेगी, जो रासलीला, श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं एवं धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देगी।
नंद उत्सव में मटकी फोड़, महारास, मोर नृत्य, दीप नृत्य, फूलों की होली, देशप्रेम की झांकी तथा महाकाल जी की भस्म आरती सहित अनेक आकर्षक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान हवा में चांद पर विराजमान भगवान श्री विष्णु की अद्भुत झांकी पहली बार श्रद्धालुओं को देखने को मिलेगी, जिसकी विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
मध्य रात्रि में होगा मटकी फोड़ कार्यक्रम
5 सितंबर की मध्य रात्रि को श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर युवा सेवा दल की ओर से भव्य मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
56 भोग के होंगे दिव्य दर्शन
5 सितंबर को श्रद्धालुओं को श्री राधा-कृष्ण जी के छप्पन भोग एवं भव्य श्रृंगार के दर्शन भी प्राप्त होंगे।
9 सितंबर को मनाया जाएगा छठी पर्व
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के उपरांत 9 सितंबर को छठी पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्री राधे-कृष्ण जी को भव्य चोला अर्पित कर उनका विशेष श्रृंगार किया जाएगा तथा पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद श्रद्धालुओं को कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
बैठक में दिगंबर दिनेश पुरी जी के साथ नवीन गुप्ता, विकी गोयल, रोहित अग्रवाल, दिलीप सैनी, विनोद अग्रवाल, कपिल गुप्ता, अनिल गोयल एडवोकेट, राजकुमार गुप्ता, दीपक मित्तल, तुषार, अभिषेक शर्मा, बंसल, पुनीत मेहरा, प्रशांत शर्मा, संजय गर्ग आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button