विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर हरिद्वार में होगा विशेष कार्यक्रम, पूर्वजों की स्मृति में संकल्प व रक्तदान की भी व्यवस्था
देहरादून 05 अगस्त । उत्तरांचल पंजाबी महासभा जिला महानगर देहरादून की विशेष बैठक में आगामी 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर हरिद्वार में आयोजित होने वाले प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश संगठन की ओर से यह कार्यक्रम प्रेम नगर आश्रम, हरिद्वार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोगों के लिए देहरादून से बसों की व्यवस्था की जाएगी। बसें 14 अगस्त को प्रातः 8 बजे हरिद्वार के लिए रवाना होंगी। जो लोग बस से जाना चाहते हैं, उन्हें पूर्व में इसकी सूचना संगठन को देनी होगी, ताकि उसी के अनुरूप बसों की व्यवस्था की जा सके।
कार्यक्रम स्थल पर गंगा स्नान, पूर्वजों की स्मृति में संकल्प, रक्तदान और अन्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गंगा घाट पर श्रद्धालुओं के संकल्प के लिए ब्राह्मणों की व्यवस्था भी रहेगी। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर सेल्फी प्वाइंट बनाया जाएगा। जो लोग अपने पूर्वजों की स्मृति में रक्तदान करना चाहते हैं, उनके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
महासभा ने बताया कि जो लोग अपनी निजी व्यवस्था से हरिद्वार पहुंचना चाहते हैं, वे 14 अगस्त को प्रातः 11 बजे तक प्रेम नगर आश्रम, हरिद्वार पहुंच सकते हैं। कार्यक्रम स्थल पर आगंतुकों के लिए जलपान एवं भोजन की व्यवस्था भी रहेगी।
बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री जीएस आनंद, प्रदेश कोषाध्यक्ष सरदार पीएस कोचर, प्रदेश मीडिया प्रमुख विजय कथूरिया, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह मोंटी, जिला महानगर अध्यक्ष बलदेव पाराशर, उपाध्यक्ष विनोद कपूर तथा जिला महानगर महामंत्री गोविंद मोहन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक लोग जिला महानगर महामंत्री गोविंद मोहन से संपर्क कर सकते हैं। संपर्क नंबर: 7895482987।

