अपराधउत्तराखण्ड

पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

पटेलनगर और विकासनगर में बंद घरों की रेकी कर चोरी व नकबजनी की घटनाओं को देते थे अंजाम, फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक बरामद

**दोनों के खिलाफ देहरादून और हरिद्वार में गैंगस्टर समेत दर्जनों मुकदमे दर्ज, पुलिस ने दो तमंचे और कारतूस किए बरामद**

देहरादून 01 नवंबर । पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में दोनों अभियुक्तों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान समीम (35) पुत्र इलियास निवासी बड़ी मस्जिद के पास, रामपुर, थाना गंगनहर, हरिद्वार तथा शहजाद (40) पुत्र इकलाख निवासी कब्रिस्तान के पास, रामपुर, रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस टीम पर किए गए जानलेवा हमले के संबंध में दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली पटेलनगर में मु०अ०सं० 827/26, धारा 109(1) बीएनएस एवं 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

**बंद घरों की रेकी कर चोरी की फिराक में थे बदमाश**

पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे पूर्व में पटेलनगर और विकासनगर क्षेत्र में शाम के समय बंद घरों की रेकी कर चोरी और नकबजनी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। चोरी की घटनाओं में मिले सामान को उन्होंने हरिद्वार में एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दिया था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि दोनों अभियुक्त एक बार फिर आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से हरिद्वार से देहरादून आए थे। वे पटेलनगर और आसपास के क्षेत्रों में घूमकर बंद घरों की रेकी कर रहे थे।

**पुलिस से बचने के लिए बाइक पर लगाई थी फर्जी नंबर प्लेट**

Advt.

अभियुक्तों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर टैक्सी की फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्त पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में जेल जा चुके हैं। इनके विरुद्ध देहरादून और हरिद्वार के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

**दो तमंचे, चार जिंदा और छह खोखा कारतूस बरामद**

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो देसी तमंचे 315 बोर, चार जिंदा कारतूस और छह खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

**दोनों अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास**

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त समीम के विरुद्ध देहरादून, ऋषिकेश, रुड़की और बिहार के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, विद्युत अधिनियम तथा अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पटेलनगर कोतवाली में वर्ष 2026 में चोरी के तीन मुकदमे (मु०अ०सं० 769/26, 776/26 और 777/26) भी दर्ज हैं।

वहीं दूसरे अभियुक्त शहजाद के विरुद्ध भी देहरादून और हरिद्वार के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ भी पटेलनगर कोतवाली में वर्ष 2026 के दौरान चोरी के तीन मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

पुलिस दोनों अभियुक्तों से पूछताछ कर उनके आपराधिक नेटवर्क और चोरी के माल को खरीदने वाले व्यक्ति के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button