85 वर्ष की आयु में भी देशभक्ति का जज्बा बरकरार: आदर्श शिक्षक नेमचंद सैनी का भारत विकास परिषद ने किया सम्मान
भगवानपुर (हरिद्वार),
27 जुलाई 2026। बी.डी. इंटर कॉलेज, भगवानपुर में सोमवार को 85 वर्षीय सेवानिवृत्त आदर्श शिक्षक श्री नेमचंद सैनी के आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं भारत विकास परिषद उत्तराखंड पश्चिम प्रांत के प्रांतीय महासचिव संजय गर्ग ने कहा कि आज भी समाज में इंसानियत जीवित है और अच्छे लोग पूरी निष्ठा के साथ अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
पत्रकारों से बातचीत में प्रधानाचार्य संजय गर्ग ने बताया कि हरिद्वार जनपद के विभिन्न राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में लगभग 40 वर्षों तक अध्यापन करने वाले तथा सेवानिवृत्ति के 25 वर्ष बाद भी सक्रिय समाजसेवी शिक्षक श्री नेमचंद सैनी अपने गांव किशनपुर, भगवानपुर के दो विद्यार्थियों यश कुमार और लक्षित सैनी का कक्षा 9 में प्रवेश कराने बी.डी. इंटर कॉलेज पहुंचे। दोनों विद्यार्थियों ने अभी तक किसी विद्यालय में प्रवेश नहीं लिया था।
इस अवसर पर श्री नेमचंद सैनी ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वे हारमोनियम एवं ढोलक जैसे वाद्य यंत्रों के साथ क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने का कार्य कर रहे हैं।
प्रधानाचार्य संजय गर्ग के अनुरोध पर उन्होंने अपना प्रसिद्ध देशभक्ति गीत “हम देश के दीवाने हैं, हम देश के परवाने हैं, हम तिरंगा फहराने वाले हैं, मातृभूमि की खातिर हम वतन पर मिटने वाले हैं, कोई गैर नहीं, दुश्मन तेरी खैर नहीं” प्रस्तुत किया। उनकी ओजपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य संजय गर्ग ने श्री नेमचंद सैनी के 85 वर्ष की आयु में भी उनके अदम्य उत्साह, जोश और राष्ट्रसेवा के जज्बे को नमन करते हुए भारत विकास परिषद की ओर से माल्यार्पण, पटका पहनाकर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद के प्रांतीय मीडिया प्रभारी संजय पाल, महिला सहभागिता संयोजक श्रीमती निधि, संस्कार संयोजक श्रीमती सारीन, श्रीमती ललिता, श्रीमती अनुदीप, श्रीमती कल्पना सैनी, निखिल अग्रवाल, नेत्रपाल, रजत बहुखंडी, डॉ. विजय त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।