श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज का राष्ट्रीय सेवा योजना परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट, 95 प्रतिशत छात्र हुए उत्तीर्ण
देहरादून 25 जुलाई
। श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के ‘बी’ एवं ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस वर्ष विद्यालय का परिणाम पिछले वर्षों की तुलना में काफी बेहतर रहा, जिससे विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
विद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ‘बी’ सर्टिफिकेट परीक्षा में कुल 46 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 44 विद्यार्थी सफल रहे, जबकि दो विद्यार्थियों का परिणाम अपेक्षित नहीं रहा। वहीं ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा में 12 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 11 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की।
इस प्रकार दोनों सर्टिफिकेट परीक्षाओं में कुल 58 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 55 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 95 प्रतिशत रहा, जो राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।
इस शानदार सफलता पर विद्यालय के समस्त अध्यापक-अध्यापिकाओं, प्रधानाचार्या तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई से जुड़े सभी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रशासन ने इस उपलब्धि का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों को दिया।
राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के प्रधान मनीष जैन ने बताया कि इस वर्ष का परिणाम पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक बेहतर रहा है। उन्होंने कहा कि इस सफलता में उनकी पूरी कार्यकारिणी, विद्यालय की प्रधानाचार्या तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन रहा, जिसके कारण विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
