बलदेव पाराशर बने अध्यक्ष, गोविंद मोहन महामंत्री; उत्तरांचल पंजाबी महासभा देहरादून की नई कार्यकारिणी घोषित
देहरादून,
25 जुलाई। उत्तरांचल पंजाबी महासभा जिला महानगर देहरादून की नई कार्यकारिणी की घोषणा शनिवार को प्रेस क्लब देहरादून में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान की गई। इस अवसर पर बलदेव पाराशर को जिला महानगर अध्यक्ष तथा गोविंद मोहन को महामंत्री बनाए जाने की घोषणा की गई। दोनों पदाधिकारियों ने संगठन को समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों में और अधिक सक्रिय बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
जिला महानगर अध्यक्ष बलदेव पाराशर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष करण मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री राजकुमार फुटेला, प्रदेश कोषाध्यक्ष पीएस कोचर एवं संगठन मंत्री जीएस आनंद के मार्गदर्शन और सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाबियत केवल एक समुदाय की पहचान नहीं, बल्कि सेवा, साहस, परिश्रम, भाईचारे और मानवता का प्रतीक है। समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही पंजाबियत की वास्तविक भावना है।
उन्होंने कहा कि देश विभाजन की पीड़ा झेलने के बावजूद पंजाबी समाज ने संघर्ष, मेहनत और ईमानदारी के बल पर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है और आज राष्ट्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि “एकता हमारी शक्ति है, सेवा हमारी पहचान है और पंजाबियत हमारा गौरव है।”
नई कार्यकारिणी में विनोद कपूर, गुरप्रीत छाबड़ा, चरणजीत सिंह, अमरजीत कुकरेजा, अरुण खरबंदा और जेएस बग्गा को उपाध्यक्ष बनाया गया है। दिलबाग सिंह, कृष्ण शर्मा, बिट्टू कोचर और रवि वोहरा को मंत्री नियुक्त किया गया है। सुरेंद्र घई को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
सचिव पद पर विवेक भंडारी, जसवीर सिंह चावला, एडवोकेट विजयेश भाटिया, अमरीश दुग्गल और अंकुर मल्होत्रा को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुलवीर सिंह, सुभाष भल्ला, दीपक जेट्ठी और वीरेंद्र सेठी को सह सचिव बनाया गया है। इसके अलावा भारत भूषण आहूजा को प्रचार मंत्री, सागर को सांस्कृतिक मंत्री, मनोज धवन एवं वीरेंद्र सेठी को सांस्कृतिक गतिविधियों की जिम्मेदारी तथा योगेश कपूर को मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
पत्रकार वार्ता में प्रेम नगर इकाई की नई कार्यकारिणी की भी घोषणा की गई। इसमें अमित भाटिया को अध्यक्ष, रविंद्र सिंह खालसा को महामंत्री तथा सुरेश भाटिया को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
बलदेव पाराशर ने कहा कि उत्तरांचल पंजाबी महासभा केवल पंजाबी समाज का संगठन नहीं, बल्कि “सरबत दा भला” की भावना के साथ सर्वसमाज के कल्याण के लिए समर्पित संस्था है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्रसेवा करना संगठन का मुख्य उद्देश्य है और भविष्य में भी जनहित के कार्यों को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश के वरिष्ठ पदाधिकारी जीएस आनंद और पीएस कोचर ने महासभा द्वारा कोविड-19 महामारी, केदारनाथ आपदा राहत, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, हेल्थ कैंप, मैमोग्राफी कैंप, भंडारे, शिक्षा, भोजन सेवा तथा कंबल वितरण जैसे विभिन्न सेवा कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन आगे भी समाजहित के कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
कार्यक्रम में गढ़वाल अध्यक्ष पंकज मैसोन, महामंत्री राजीव सच्चर सहित प्रदेश एवं जिला स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं जनसेवा के लिए समर्पित बनाने का आह्वान किया।
