एक्सिडेंटउत्तराखण्डविशेष समाचार

गूलर घाटी बस हादसा : मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख, गंभीर घायलों को एक लाख और अन्य घायलों को 40 हजार रुपये की सहायता

देहरादून। टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचे और अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम पूछा तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एम्स के चिकित्सकों से घायलों की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल एवं संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया कि दुर्घटना से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही घायलों के समुचित उपचार और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करना सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Back to top button