उत्तराखण्डविशेष समाचार

नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में उत्तराखण्ड अव्वल, पर्वतीय राज्यों में प्रथम स्थान

देहरादून,17 जुलाई। उत्तराखण्ड ने निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, देशभर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल कर राज्य ने ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में अपनी जगह बनाई है।
सूचकांक में राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। उत्तराखण्ड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि व्यावसायिक वातावरण और संसाधन उपलब्धता में दूसरा तथा आधारभूत संरचना में तीसरा स्थान हासिल किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी शासन व्यवस्था, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के साथ उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने, आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूत बनाने तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि राज्य में निवेश, औद्योगिक विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगी।

Related Articles

Back to top button