राज्यपाल गुरमीत सिंह से उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा समन्वय समिति के अध्यक्ष परविंदर सिंह की शिष्टाचार भेंट
देहरादून,
17 जुलाई। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) से शुक्रवार को लोक भवन में उत्तर प्रदेश सिख गुरुद्वारा समन्वय समिति के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान दोनों के बीच सिख समाज से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई। बैठक में समाज की सेवा परंपरा, सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सिख समाज के ऐतिहासिक योगदान और राष्ट्र निर्माण में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई।
राज्यपाल ने सिख समुदाय द्वारा समाज में सद्भाव, सेवा और मानवीय मूल्यों के संवर्धन में दिए जा रहे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सौहार्द को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने समाज सेवा की भावना को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताते हुए ऐसे प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।



