शामली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का लोकार्पण, आधुनिक रेलवे सुविधाओं से जनपद को मिलेगी नई पहचान



शामली। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकसित शामली रेलवे स्टेशन का लोकार्पण आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर शामली रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल, पूर्व विधायक तेजेन्द्र निर्वाल, एमएलसी वीरेन्द्र सिंह, चेयरमैन अरविंद संगल, कपिल पंवार, अंकित गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत शामली रेलवे स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ विकसित किया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आधुनिक स्टेशन, बेहतर यात्री सुविधाएं और तेज़ी से विकसित हो रहा रेल नेटवर्क विकसित भारत की परिकल्पना को साकार कर रहा है।
एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल ने कहा कि शामली रेलवे स्टेशन का आधुनिकीकरण जनपद के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी तथा व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रेल नेटवर्क को मजबूत कर रही है और आने वाले समय में इसका लाभ पूरे क्षेत्र को मिलेगा।
मोहित बेनीवाल ने कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री से आग्रह किया कि दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ से संचालित आरआरटीएस (नमो भारत) कॉरिडोर का विस्तार भविष्य में शामली तक किया जाए, जिससे शामली, कैराना एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सके। इस मांग का समर्थन करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने भी कहा कि शामली की बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिक संभावनाओं और दिल्ली-एनसीआर से बढ़ते संपर्क को देखते हुए आरआरटीएस का विस्तार जनहित में अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में शामली जनपद रेल अवसंरचना और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
रिपोर्ट : सिद्धार्थ भारद्वाज प्रभारी दिल्ली एनसीआर।
