उत्तराखण्डमतदान

SIR के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, दावे-आपत्तियों की सुनवाई के लिए लगेंगे विशेष कैंप

देहरादून 10 जुलाई । मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने शुक्रवार को कुमाऊं और गढ़वाल मंडल के मंडलायुक्तों तथा सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दूसरे चरण में ड्राफ्ट प्रकाशन, नोटिस जारी करने और दावे-आपत्तियों के निस्तारण के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मानसून के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें बाधित होने की संभावना को देखते हुए पहले से विशेष व्यवस्था की जाए। जहां ईआरओ (Electoral Registration Officer) और एईआरओ (Assistant Electoral Registration Officer) सुनवाई करेंगे, वहां बिजली, पेयजल, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्कैनर और फोटोकॉपी मशीन जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने निर्देश दिए कि पहाड़ी जनपदों में न्याय पंचायत स्तर पर क्लस्टर बनाकर दावे-आपत्तियों की सुनवाई के लिए विशेष कैंप लगाए जाएं। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मतदाताओं की सुविधा के लिए तहसील के अलावा नगर निगम, नगर पंचायत और वार्ड स्तर पर भी कैंप आयोजित करने का रोस्टर तैयार किया जाए।

डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि दस्तावेजों के सत्यापन के लिए शिक्षा, राजस्व, तहसील सहित संबंधित विभागों के नोडल अधिकारियों की तैनाती की जाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 70 ईआरओ और 800 एईआरओ तैनात हैं। जिन जनपदों में एईआरओ की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है, वे अपने प्रस्ताव शनिवार तक मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजें।

उन्होंने दोनों मंडलों के मंडलायुक्तों को 14 जुलाई से जिलों का फील्ड निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को निर्देशित किया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन से पूर्व जनपद एवं विधानसभा स्तर पर राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाए।

बैठक में कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चन्द्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास तथा सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button