डॉ.बी.आर.अंबेडकर छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण, आधुनिक लाइब्रेरी बनाने के निर्देश
देहरादून,

09 जुलाई। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास, कंडोली का गुरुवार को सचिव समाज कल्याण डॉ. श्रीधर बाबू अदाकी एवं अपर सचिव समाज कल्याण एस.एल. सेमवाल ने आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ओबीसी आयोग गोरधन सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, छात्रावास प्रभारी रीता पंवार तथा सहायक निदेशक हेमलता पांडेय भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने छात्रावास में रह रहे अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के 96 विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन वातावरण, भोजन व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं और अन्य आवश्यकताओं की जानकारी ली। सचिव डॉ. अदाकी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करते हुए विभाग की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया।
सचिव ने छात्रावास की आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए आधुनिक एवं सुसज्जित लाइब्रेरी की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने छात्रावास प्रभारी को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति उपयोजना (SCSP/TSP) के अंतर्गत लाइब्रेरी निर्माण का विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।
उन्होंने छात्रावास की स्वच्छता, सुरक्षा, भोजन की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर बनाए रखने के भी निर्देश दिए। सचिव ने कहा कि राज्य सरकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा छात्रावासों का समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने छात्रावास परिसर का विस्तृत भ्रमण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

