पीएम गतिशक्ति पोर्टल से उत्तराखंड में परियोजनाओं की होगी बेहतर प्लानिंग, 10 करोड़ से अधिक की योजनाओं में जियोस्पेशियल मैपिंग अनिवार्य: मुख्य सचिव
देहरादून,02 जुलाई 2026। 
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में नियोजन विभाग द्वारा आयोजित ‘पीएम गतिशक्ति उपयोग मामलों का संग्रह 2.0’ के विमोचन तथा विभागीय डेटा संग्रहण के लिए विकसित मोबाइल एप्लीकेशन के शुभारंभ समारोह एवं दो दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जियोस्पेशियल तकनीक उत्तराखंड में अवसंरचना विकास और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पीएम गतिशक्ति पोर्टल और जियोस्पेशियल तकनीक के माध्यम से सड़क, विद्युत लाइन, पेयजल लाइन, रेलवे, भवन, बांध और अन्य आधारभूत परियोजनाओं की बेहतर योजना और क्रियान्वयन संभव होगा। इससे परियोजनाओं की जियो लोकेशन, विभिन्न विभागों के बीच समन्वय तथा राज्य का समग्र मास्टर प्लान तैयार करने में बड़ी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक प्रमाणिक डेटा पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि योजनाओं के निर्माण में बेहतर परिणाम मिल सकें और विभागों के बीच डेटा इंटीग्रेशन के माध्यम से समन्वय और मजबूत हो।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि व्यय वित्त समिति (EFC) की बैठकों में पीएम गतिशक्ति प्लेटफॉर्म का उपयोग किया जाए, जिससे परियोजनाओं का अधिक सटीक मूल्यांकन हो सके। उन्होंने 10 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी परियोजनाओं में साइट चयन के लिए पीएम गतिशक्ति पोर्टल पर जियोस्पेशियल मैपिंग अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी नई स्वीकृत योजनाओं को भी पोर्टल पर अपलोड करने को कहा, ताकि योजनाओं में दोहराव (डुप्लीकेसी) न हो और विभागीय तालमेल बेहतर बनाया जा सके।
मुख्य सचिव ने सभी विभागों में मास्टर रिसोर्स पर्सन नामित करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वेच्छा से जिम्मेदारी लेने वाले अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने भास्कराचार्य इंस्टीट्यूट फॉर स्पेस एप्लीकेशंस एंड जियोइन्फॉर्मेटिक्स (BISAG-N) द्वारा विकसित एप्लीकेशन को राज्य के ‘उन्नति’ (स्टेट प्रगति) पोर्टल से एकीकृत करने पर भी जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता के लिए कार्यशालाओं में भाग लेने तथा BISAG-N में प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव एल. फैनाई, आर. मीनाक्षी सुन्दरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, डॉ. एस.एन. पाण्डेय, श्रीधर बाबू अद्धांकी, अपर सचिव हिमांशु खुराना, नरेन्द्र सिंह भण्डारी, बंशीधर तिवारी, BISAG-N के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

