सिटी फॉरेस्ट पार्क में योग का महाकुंभ, हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने किया सामूहिक योग, एमडीडीए ने योग प्रशिक्षकों को किया सम्मानित

देहरादून,21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें एक हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर योग एवं प्राणायाम के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य सचिव आनंद बर्धन शामिल हुए।
हरी-भरी वादियों और प्राकृतिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में अपर सचिव मुख्यमंत्री एवं एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, सचिव मोहन सिंह बर्निया, प्राधिकरण के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया।
मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसकी शक्ति को स्वीकार कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने योग को नशामुक्त और स्वस्थ समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम बताया।
कार्यक्रम के अंत में एमडीडीए द्वारा योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की सहभागिता ने योग के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाया।
मुख्य सचिव ने किया सिटी फॉरेस्ट पार्क का निरीक्षण
योग दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने सिटी फॉरेस्ट पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर तथा ईवी चार्जिंग स्टेशन सहित विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को पार्क में क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि आगंतुक सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकें। उन्होंने पार्क की स्वच्छता, हरित क्षेत्र और पर्यावरण संरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे शहरी जीवन के बीच प्रकृति से जुड़ने का उत्कृष्ट माध्यम बताया।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि भविष्य में भी सिटी फॉरेस्ट पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित हो सके।



