जिला पंचायत बोर्ड बैठक में ग्रामीण विकास पर मंथन, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

देहरादून,17 जून 2026। जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर की अध्यक्षता में बुधवार को जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष अभिषेक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याओं और विकास कार्यों के प्रस्ताव बैठक में रखे। जनप्रतिनिधियों ने विशेष रूप से सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पेयजल संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा विकास योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत एवं विभागीय अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला पंचायत सदस्यों द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जनसहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक का समापन जनपद के सर्वांगीण विकास तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के संकल्प के साथ हुआ।



