वैश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों का नवम परिचय सम्मेलन 5 जुलाई को, निशुल्क होगा आयोजन

देहरादून, 1 जून। भारतीय वैश्य महासंघ महानगर देहरादून द्वारा सोमवार को प्रेस क्लब सभागार, परेड ग्राउंड में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर महासंघ के पदाधिकारियों ने आगामी वैश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों के नवम परिचय सम्मेलन की जानकारी साझा की।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय गोयल ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 5 जुलाई 2026 (रविवार) को अतिथि कम्युनिटी सेंटर, हरिद्वार रोड, देहरादून में वैश्य विवाह योग्य युवक-युवतियों का नवम परिचय सम्मेलन निशुल्क आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन के माध्यम से विवाह योग्य युवक-युवतियां अपने अनुरूप जीवनसाथी का चयन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि वैश्य समाज में अग्रवाल, महावर, रस्तोगी, जैन, वार्ष्णेय, खंडेलवाल, कलवार, जायसवाल, राजवंशी सहित लगभग 400 उपजातियां शामिल हैं।
प्रदेश संयोजक राजेंद्र प्रसाद गोयल ने बताया कि पिछले वर्षों के अनुभव के आधार पर इस परिचय सम्मेलन में उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ देशभर से युवक-युवतियां भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में 30 से 35 वर्ष की आयु तक पहुंचने के बावजूद अनेक युवक-युवतियां विवाह के प्रति उदासीन हैं या उन्हें उपयुक्त जीवनसाथी की तलाश के लिए उचित मंच उपलब्ध नहीं हो पाता। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए भारतीय वैश्य महासंघ पिछले 11 वर्षों से इस सम्मेलन का आयोजन कर रहा है, जिससे सैकड़ों परिवारों के घर बस चुके हैं।
महानगर अध्यक्ष विनोद गोयल ने कहा कि आधुनिकता के दौर में युवाओं के सामने योग्य जीवनसाथी के चयन की चुनौतियां बढ़ी हैं। पहले परिवार के शुभचिंतक और रिश्तेदार इस जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे, लेकिन समय के साथ उनकी भागीदारी कम हुई है। ऐसे में महासंघ ने समाज की इस आवश्यकता को समझते हुए विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया है।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन के अवसर पर एक परिचय पुस्तिका का भी विमोचन किया जाएगा, जिसमें विवाह योग्य युवक-युवतियों का फोटो सहित संपूर्ण विवरण प्रकाशित रहेगा। इच्छुक युवक-युवतियां भारतीय वैश्य महासंघ की वेबसाइट अथवा निर्धारित आवेदन पत्र भरकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। परिचय पुस्तिका प्राप्त करने के लिए निर्धारित शुल्क जमा करना आवश्यक होगा। उन्होंने बताया कि महासंघ युवाओं को दहेज रहित विवाह के लिए भी प्रेरित करता है।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश संरक्षक राजेंद्र गोयल, महिला मंडल अध्यक्ष रीता अग्रवाल, उपाध्यक्ष वर्षा गोयल, मीनाक्षी अग्रवाल, अनु गोयल, चारु गोयल, नीरा मित्तल, पूजा सिंघल, रेनू अग्रवाल, रीनू गुप्ता, महेश चंद्र गर्ग, संजय गुप्ता, विजय गुप्ता, भुवन सिंगल, क्रांति सिंगल, आनंद गर्ग, संजय गर्ग, मुकुल गुप्ता, संजीव गुप्ता, आशुतोष गोयल, विनीत कुमार, अनिल गोयल, अजय गर्ग, मनोज गोयल, विजेंद्र कुमार गोयल तथा मीडिया प्रभारी संजय कुमार गर्ग सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


