उत्तर प्रदेशखेलराष्ट्रीय

एशियन पदक विजेता निपम चौहान का गांव पावटी कला पहुंचने से पहले जमालपुर में हुआ भव्य स्वागत

झिंझाना 01 जून । (प्रेम चन्द वर्मा) एशियन अंडर-20 एथलेटिक्स चैंपियनशिप में देश का नाम रोशन करने वाली शामली जिले के गांव पावटी कलां की होनहार बेटी निपम चौहान के अपने गांव पहुंचने पर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों और परिजनों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत कर उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
गांव पहुंचने से पहले निपम चौहान का जमालपुर स्थित एसडीएस कॉन्वेंट स्कूल के प्रबंधक एवं भाजपा जिला मंत्री श्रीपाल चौहान ने अपने आवास पर निपम को पटका पहनाकर स्वागत किया और उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मौजूद लोगों ने भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका अभिनंदन किया।
इसके बाद जैसे ही निपम अपने पैतृक गांव पावटी कलां पहुंचीं, ग्रामीणों, युवाओं और परिजनों ने फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। गांव में खुशी का माहौल दिखाई दिया। लंबे समय बाद अपनी इस उपलब्धि के साथ घर लौटी निपम भी अपने परिजनों और ग्रामीणों से मिलकर भावुक और प्रसन्न नजर आईं।
ग्रामीणों ने कहा कि निपम चौहान ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर पूरे क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता गांव की अन्य बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
निपम चौहान की इस उपलब्धि पर क्षेत्रभर में खुशी की लहर है और लोग उन्हें भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Related Articles

Back to top button