उत्तराखण्डराज्य

आईआईपी पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन का पारिवारिक मिलन समारोह एवं सामान्य सभा संपन्न

देहरादून,30 मई। आईआईपी पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा शनिवार को सीएसआईआर-आईआईपी ऑडिटोरियम में पारिवारिक मिलन समारोह एवं सामान्य सभा (जनरल बॉडी मीटिंग) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्यों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दिवंगत वरिष्ठ सदस्यों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। एसोसिएशन के सचिव डॉ. डी.सी. पाण्डेय ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया, जबकि अध्यक्ष डॉ. वाई.के. शर्मा ने संगठन की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी।
सामान्य सभा में नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी संपन्न हुई। निर्वाचन अधिकारियों डॉ. के.एस. जौहरी एवं डॉ. एम.पी. सक्सेना ने बताया कि किसी भी पद के लिए नया नामांकन प्राप्त नहीं होने तथा सदस्यों द्वारा वर्तमान कार्यकारिणी पर पूर्ण विश्वास व्यक्त किए जाने के कारण मौजूदा कार्यकारिणी को सर्वसम्मति से पुनः निर्वाचित घोषित किया गया।
कोषाध्यक्ष डॉ. के.एम. अग्रवाल ने वार्षिक वित्तीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संगठन की वित्तीय स्थिति और वर्षभर की गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा रखा।
इस अवसर पर 90 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ सदस्यों सहित 75 वर्ष से अधिक आयु के सदस्यों को उनके योगदान और दीर्घकालिक जुड़ाव के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही डॉ. के.एम. अग्रवाल के पौत्र शुभम अग्रवाल और पौत्री सागरिका अग्रवाल को उनकी उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। शुभम अग्रवाल ने यूनाइटेड किंगडम के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय से बिजनेस एनालिटिक्स में एम.एस. की उपाधि प्राप्त की है, जबकि सागरिका अग्रवाल ने एम्स बिलासपुर से एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण की है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा। श्रीमती गुरप्रीत कौर, श्रीमती आभा सक्सेना, श्री कार्तिक घिल्डियाल, सुश्री अपराजिता घिल्डियाल एवं श्रीमती सरिता घिल्डियाल की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा। श्रीमती गुरप्रीत कौर द्वारा आयोजित मनोरंजक खेलों ने भी सभी प्रतिभागियों का भरपूर मनोरंजन किया।
उपाध्यक्ष डॉ. डी.के. अधिकारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन श्री वी.एस. सैनी ने किया। समापन रोचक तंबोला सत्र एवं सामूहिक भोज के साथ हुआ, जिसमें सदस्यों और उनके परिवारों को आपसी संवाद एवं सौहार्द बढ़ाने का अवसर मिला।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन पेंशनर समुदाय की एकता, सक्रिय सहभागिता और पारस्परिक सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने वाला साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button