देहरादून में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार, घबराने की जरूरत नहीं: जिला पूर्ति अधिकारी

देहरादून,30 मई 2026। जनपद देहरादून में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा ईंधन आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी पेट्रोल पंपों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है और तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा गया है, ताकि ईंधन की उपलब्धता सुचारु बनी रहे।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार जनपद में विभिन्न तेल कंपनियों के कुल 167 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। इनमें इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) के 72, भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) के 34, हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के 41, नायरा के 10 तथा रिलायंस के 10 पेट्रोल पंप शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि 29 मई 2026 की स्थिति के अनुसार जनपद के पेट्रोल पंपों पर 2526 किलोलीटर पेट्रोल और 2074 किलोलीटर डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। तेल कंपनियों से प्रतिदिन स्टॉक की जानकारी प्राप्त की जा रही है तथा सभी पेट्रोल पंपों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त भंडार बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
श्री अग्रवाल ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की नियमित आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है और कहीं से भी आपूर्ति प्रभावित होने की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जनसामान्य को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद में ईंधन की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है और किसी भी नागरिक को असुविधा नहीं होने दी जाएगी।


