उत्तराखण्डजनसुनवाई

कैंसर पीड़ित विधवा सुनीता को जिला प्रशासन का सहारा बेटे का स्कूल में दाखिला, बेटी की पढ़ाई ‘नंदा-सुनंदा’ से शुरू, 50 हजार की आर्थिक सहायता

देहरादून,22 मई। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन देहरादून जरूरतमंद और असहाय परिवारों के लिए लगातार संवेदनशील पहल कर रहा है। प्रशासन उपचार, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक सहायता जैसे मामलों में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सैकड़ों जरूरतमंदों को राहत पहुंचा चुका है।
इसी क्रम में डोईवाला निवासी कैंसर पीड़ित विधवा महिला सुनीता कलवार को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत प्रदान की है। आर्थिक तंगी और गंभीर बीमारी से जूझ रही सुनीता ने जिलाधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए बच्चों की शिक्षा और उपचार के लिए सहायता की गुहार लगाई थी।
प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए। जिला प्रशासन ने रायफल क्लब फंड से सुनीता कलवार को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। साथ ही उनके पुत्र का विद्यालय में दाखिला सुनिश्चित कराया गया, जबकि पुत्री की बाधित शिक्षा को जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से दोबारा शुरू कराया गया।
जानकारी के अनुसार सुनीता कलवार का 11 जुलाई 2024 को जौलीग्रांट स्थित अस्पताल में कैंसर का ऑपरेशन हुआ था और वर्तमान में उनका उपचार जारी है। आर्थिक और सामाजिक संकट से गुजर रहे इस परिवार को जिला प्रशासन ने न केवल आर्थिक मदद दी, बल्कि भरोसा और मानवीय सहयोग भी प्रदान किया है।
जिला प्रशासन द्वारा पूर्व में भी कई जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता, चिकित्सा सहयोग, ऋण राहत तथा बिजली-पानी के बकाया मामलों में राहत प्रदान की जा चुकी है। वहीं ‘प्रोजेक्ट नंदा-सुनंदा’ के माध्यम से सैकड़ों जरूरतमंद बालिकाओं की शिक्षा को पुनर्जीवित कर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की यह पहल शासन की जनकल्याणकारी और संवेदनशील कार्यशैली का उदाहरण बनकर सामने आई है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को नई उम्मीद और संबल मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button