उत्तराखण्डधर्म-कर्म

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर में गूंजे “जय कन्हैया लाल की” के जयघोष, भव्य नंद उत्सव में झूमे श्रद्धालु

देहरादून 20 मई 2026। परम पूज्य महंत श्री श्री 108 रवींद्र पुरी जी महाराज के पावन सानिध्य में पुरुषोत्तम मास के पावन पर्व एवं “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत आगामी 19 जून 2026 को आयोजित होने वाले कन्याओं के सामूहिक विवाह के उपलक्ष्य में श्री पृथ्वीनाथ महादेव जी मंदिर, देहरादून में आयोजित पवित्र श्रीमद्भागवत कथा में बुधवार को कथा व्यास श्री विनीत वत्सल जी ने श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कथा के दौरान व्यास जी ने बताया कि अत्याचारी कंस ने देवकी के सात पुत्रों का वध कर दिया था, लेकिन आठवें पुत्र के रूप में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म लेते ही कारागार के पहरेदार सो गए और बेड़ियां स्वतः खुल गईं। इसी प्रसंग के मंचन के दौरान वासुदेव जी के पात्र में कलाकार भगवान श्रीकृष्ण स्वरूप बालक को टोकरी में लेकर जैसे ही मंडप में पहुंचे, पूरा पंडाल “हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया। भजन-कीर्तन और मधुर संगीतमय प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए। कथा स्थल को लाल और पीले गुब्बारों तथा आकर्षक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया था। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पीतांबर वस्त्र धारण कर कथा में शामिल हुए और कृष्ण जन्मोत्सव की खुशी में डूबे दिखाई दिए।
जन्मोत्सव के बाद मनाया गया भव्य नंद उत्सव
श्रीकृष्ण जन्म प्रसंग के उपरांत कथा स्थल पर भव्य नंद उत्सव मनाया गया। बच्चों को टोपियां, खिलौने तथा विभिन्न प्रकार के व्यंजन वितरित किए गए। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को बधाई देकर उत्साह और उल्लास के साथ नंदोत्सव मनाया।
इस अवसर पर दिगंबर दिनेश पुरी, सोहनलाल गुप्ता, विजय अग्रवाल, नवीन गुप्ता, विक्की गोयल, रोहित अग्रवाल, एडवोकेट राजकुमार गुप्ता, महाकाल के दीवानों में रोशन राणा, हिमांशु कोटनाला, श्रीमती गीता अग्रवाल, पुनीता गैरोला, मेघा गर्ग, रीना मित्तल, अनामिका अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button