जलालाबाद जैन अतिशय क्षेत्र में भगवान पार्श्वनाथ की अद्भुत महिमा, इन्दौर के वास्तुविद डॉ. राजेन्द्र जैन ने नापी ऊर्जा

जलालाबाद/शामली 04 मई। बद्रीनाथ धाम की यात्रा पर निकले इन्दौर,मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध वास्तुविद डॉ.राजेन्द्र जैन ने शामली जनपद के जलालाबाद स्थित श्री 1008 पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र में दर्शन कर भगवान पार्श्वनाथ की महिमा का गुणगान किया।
उन्होंने बताया कि यह अतिशय क्षेत्र आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां विराजमान मूलनायक भगवान पार्श्वनाथ की 4.5 इंच की चतुर्थ कालीन प्रतिमा भले ही आकार में छोटी है, लेकिन इसके चमत्कार और प्रभाव अत्यंत विशाल हैं। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं अवश्य पूर्ण होती हैं।
डॉ. जैन ने मंदिर परिसर में विशेष उपकरण के माध्यम से ऊर्जा मापन भी किया। उन्होंने बताया कि जैसे ही ऊर्जा यंत्र को भगवान पार्श्वनाथ की प्रतिमा के सामने रखा गया, वह एक सेकंड के भीतर तीव्र गति से दूर जा गिरा, जिससे वहां उपस्थित लोगों ने इस स्थान की अद्भुत ऊर्जा का प्रत्यक्ष अनुभव किया।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के मंत्री सुशील कुमार जैन ने डॉ. जैन और उनकी टीम का पटका पहनाकर सम्मान किया। कार्यक्रम में पंडित सनत जैन, श्रीमती राज जैन, अपर्ण जैन, काजल जैन, सचिन जैन, राहुल जैन, ऋषिका जैन, सचिका जैन, टी. सुरेना एवं प्रसन्न सुरेना सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित लोगों ने ऊर्जा परीक्षण को देखा और क्षेत्र की आध्यात्मिक शक्ति के प्रति गहरी आस्था व्यक्त की।

