डिप्लोमा इंजीनियरों की हड़ताल को मिला ठेकेदारों का समर्थन, चारधाम यात्रा और कुंभ कार्य प्रभावित होने की आशंका

देहरादून,08 अप्रैल 2026। देहरादून के यमुना कॉलोनी में चल रही उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल को अब व्यापक समर्थन मिलने लगा है। बुधवार को देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन ने भी हड़ताल स्थल पर पहुंचकर अपना समर्थन घोषित किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने हड़ताल स्थल पर पहुंचकर महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंजीनियर आरसी शर्मा, महासचिव इंजीनियर वीरेंद्र गोसाई, संघर्ष समिति अध्यक्ष इंजीनियर दिवाकर धसमाना, इंजीनियर रामकुमार तथा पेयजल निगम डिप्लोमा संघ के अध्यक्ष इंजीनियर अजय बैलवाल से मुलाकात की और उनके आंदोलन को समर्थन दिया।
अमित अग्रवाल ने कहा कि डिप्लोमा इंजीनियर 23 मार्च से अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं, लेकिन अब तक सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो चारधाम यात्रा से जुड़े विकास कार्यों और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों पर गंभीर असर पड़ सकता है।
उन्होंने बताया कि इंजीनियरों की अनुपस्थिति के कारण पेयजल निगम के कई कार्य ठप पड़े हैं और माप-तौल (मेजरमेंट) न होने से ठेकेदारों के भुगतान भी अटक गए हैं। ऐसे में कार्यों को समय पर पूरा करना मुश्किल हो रहा है, जबकि अधिकारियों द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा है।
अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि बिना अपर सहायक अभियंताओं के तकनीकी कार्यों का संचालन संभव नहीं है। उन्होंने सरकार और अधिकारियों से अपील की कि महासंघ की मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि राज्य में विकास कार्यों की गति बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि देवभूमि जल शक्ति कांट्रेक्टर वेलफेयर एसोसिएशन पहले भी इंजीनियरों के साथ खड़ी रही है और आगे भी कंधे से कंधा मिलाकर उनके समर्थन में रहेगी।
इस दौरान एसोसिएशन के सकलानंद लखेड़ा, संदीप मित्तल, जेपी अग्रवाल, रजत सिंघल समेत कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।



