उत्तराखण्डशासन

मुख्य सचिव ने विकास कार्यों की जनपदवार समीक्षा की, जिला एवं पंचायत स्तर पर विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करने के निर्देश

देहरादून 02 फरवरी,2026 । मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाली सभागार में विकास कार्यों की जनपदवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय विजन-2047 डॉक्यूमेंट की तर्ज पर सभी जिलाधिकारियों को जिला, खण्ड, पंचायत एवं ग्राम स्तर पर भी विज़न डॉक्यूमेंट तैयार किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस दिशा में शीघ्र कार्यवाही करते हुए आवश्यक वर्कशॉप्स का आयोजन किया जाए।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिला योजना समितियों की बैठकें मार्च माह तक अनिवार्य रूप से आयोजित कराई जाएं। इसके लिए अभी से होमवर्क शुरू कर योजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने की तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जिला योजना में शामिल किए जाने वाले संभावित कार्यों की सभी प्रक्रियागत औपचारिकताएं पूर्ण कराते हुए एस्टीमेट पहले ही तैयार करवा लिए जाएं।
उन्होंने उद्यान, कृषि एवं पशुपालन विभाग में जनपद स्तर पर खरीद से संबंधित शक्तियों के विकेंद्रीकरण पर बल दिया। साथ ही खरीद के लिए मूल्य निर्धारण को अधिक व्यावहारिक बनाते हुए एक वर्ष के स्थान पर 2 से 3 वर्षों के लिए मूल्य निर्धारण जैसे विकल्पों का परीक्षण करने के निर्देश दिए। आमजन की समस्याओं के समाधान हेतु यदि जिला योजना की गाइडलाइंस एवं नियमों में संशोधन की आवश्यकता हो, तो आवश्यक सुधार किए जाने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जन-जन की सरकार कार्यक्रम के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं के समाधान के लिए भी योजनाएं तैयार की जाएं तथा कार्य की प्रकृति के अनुरूप उन्हें जिला एवं राज्य योजनाओं में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने राज्य सेक्टर, डीएपी, सीसीएस आदि की मासिक समीक्षा बैठकें अनिवार्य रूप से आयोजित कराने के निर्देश दिए।
आजीविका से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर देते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि संबंधित सभी विभागों की योजनाओं की जनपद स्तर पर मासिक समीक्षा तथा त्रैमासिक रूप से राज्य स्तर पर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
मुख्य सचिव ने राजकीय महिला विद्यालयों में शौचालय निर्माण से संबंधित लक्ष्य को दोहराते हुए निर्देश दिए कि 08 मार्च, 2026 तक सभी विद्यालयों को शौचालय सुविधा से सैचुरेट किया जाए। साथ ही शौचालयों की नियमित सफाई एवं रखरखाव के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव श्री शैलेश बगौली, डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, श्री चंद्रेश कुमार यादव, आयुक्त कुमाऊं श्री दीपक रावत, आयुक्त गढ़वाल श्री विनय शंकर पाण्डेय सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button